रात में घूम घूम कर बीडीओ जरूरतमंदों को बांट रहे कंबल, अनूठी पहल की चहुंओर हो रही सराहना
सबौर बीडीओ की दरियादिली की हर कोई प्रशंसा कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड में बीडीओ साहब रात के आठ बजे अपने प्रखंड के पोषक क्षेत्र का भ्रमण करते हैं। भ्रमण के पीछे उनकी मंशा गरीबों एवं जरूतमंदों की सेवा करना है। ठिठुर रहे गरीबों को कंबल प्रदान करते हैं।
भागलपुर [ललन तिवारी] । कड़ाके की ठंड में जहां लोग शाम होते ही घर में दुबक जाते हैं, वहीं सबौर प्रखंड के बीडीओ प्रतिक राज रात के आठ बजे से अपने क्षेत्र का भ्रमण करते हैं। रास्ते में उन्हें जो जरूरतमंद ठंड ठिठुरते मिल जाते हैं उनके कष्ट को दूर करने में अपनी दरियादिली दिखाते हैं। ऐसे लोगों के बीच खुद कंबल का वितरण करते हैं। कंबल वितरण का यह उनका सिलसिला कई दिनों से चल रहा है, जो इलाके में चर्चा का विषय बना है।
प्रखंड के कई जगहों का कर चुके हैं भ्रमण
बीडीओ अब तक अपने प्रखंड क्षेत्र में जीरो माइल, हवाई अड्डा सहित कई जगहों का भ्रमण कर अब तक करीब पांच दर्जन कंबल का वितरण का चुके हैं। एक सवाल के जबाव में उन्होने कहा कि पूस की रात में ठिठुर रहे निसहाय लोगों को कंबल प्रदान करना नेक कार्य की अनुभूति कराता है। ऐसे मानव की सेवा से बड़ा कोई पुण्य का काम नहीं है।
आधा दर्जन गरीबों को दिया गया कंबल
शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय में आधा दर्जन अत्यंत गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया गया। मौके पर सीडीपीओ रश्मि रमन प्रखंड नाजिर सरला कुमारी, समाजसेवी संजय कुमार ,विनय कुमार मिश्र, मुखिया कल्याणी देवी आदि उपस्थित थी।
अलाव नहीं जलने पर नाराजगी
उधर कड़ाके की ठंड को देखते हुए क्षेत्र में कहीं भी अलाव नहीं जलने से लोगों के बीच खासी नाराजगी दिख रही है। चौक चौराहे पर लोग सुबह शाम ठिठुर रहे हैं ।कहीं-कहीं व्यक्तिगत रूप से अलाव जलाया जा रहा है ।लेकिन सरकारी स्तर पर अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। सबौर स्टेशन, पंचमुखी चौक, खानकिता चौक, ब्लॉक चौक ,हाई स्कूल चौक ,केनरा बैंक, पेट्रोल पंप ,बाबूपुर मोड ,मीराचक गोपालपुर जीरो माइल आदि कहीं भी सार्वजनिक जगहों पर सरकारी स्तर पर अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे गरीब इस भीषण कड़ाके की ठंड में ठिठुरने को विवश हैं।