विकास कार्य के साथ जल संरक्षण का भी संदेश दे रहा कटिहार जिला का बलुआ पंचायत
पंचायत के मुखिया कंदलाल मुर्मू ने बताया कि यहां बिना किसी भेदभाव के पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है। लोगों को सरकारी योजना का लाभ मिल रहा है। यह पंचायत शिक्षा स्वास्थ्य बिजली पानी और सड़क सुविधा से लैस है।
जागरण संवाददाता, कटिहार। प्रखंड क्षेत्र का बलुआ पंचायत विकास कार्यों के साथ जल संरक्षण को लेकर भी जिले में नजीर बन रहा है। 12 वार्ड के करीब 11 हजार की आबादी वाला बलुआ पंचायत विकास के पथ पर अग्रसर है। पंचायत में एक उच्च विद्यालय, चार मध्य विद्यालय और चार प्राथमिक विद्यालय है। लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक उप स्वास्थ्य केंद्र भी है। प्रखंड क्षेत्र में एक मात्र पंचायत सरकार भवन व पावर ग्रिड भी इसी पंचायत में है। इस पावर ग्रिड से प्रखंड क्षेत्र को बिजली आपूर्ति की जाती है। पंचायत क्षेत्र के लोगों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। पंचायत के मुखिया कंदलाल मुर्मू ने बताया कि बिना किसी भेदभाव के पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं का लोगों को मिल रहा है लाभ
उनके कार्यकाल में सरकारी योजना का लाभ ग्रामीणों को दिलाया गया है। पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवा के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हुआ है। वहीं जल संरक्षण को लेकर दो रेनवाटर हार्वेङ्क्षस्टग का निर्माण कराया गया है। 14 वीं वित्त, पंचम वित्त व सात निश्चय योजना के तहत कई सड़कों का निर्माण हुआ है। मनरेगा योजना से मिट्टी भराई, ईंट सोङ्क्षलग सड़क,जल निकासी व, करीब दो हजार पौधारोपण किया गया है। कई गांवों के जर्जर सड़कों का कायाकल्प किया गया है।
सात निश्चिय योजना से बदल रही है पंचायत की सूरत
बारिश के मौसम में जलजमाव से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सात निश्चय योजना के तहत नाली, गली निर्माण से जलजमाव की समस्या का बहुत हद तक निदान हुआ है। पंचायत क्षेत्र में हर घर नल का जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं अधिकारियों से मिलकर कन्या विवाह, पारिवारिक लाभ, वृद्धा पेंशन आदि योजना का लाभ् दिलाया जा रहा है। स्वच्छता अभियान के तहत लोगो को जागरूक कर शौचालय निर्माण कराया गया है। पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य की गति तेज हुई है।
क्या कहते हैं ग्रामीण
ग्रामीण मिथलेश ठाकुर एवं अमित कुमार मंडल ने बताया कि वर्तमान मुखिया के कार्यकाल में पंचायत क्षेत्र में बुनियादी समस्याओं का समुचित समाधान हुआ है। पंचायत के सभी वार्डो में विकास कार्य किया जा रहा है। जल संरक्षण एवं पानी की बर्बादी रोकने के लिए ग्रामीणों में जागरूकता आई है। पंचायत को एक नई पहचान मिल रही है।