लोक गायक छैला बिहारी के घर पर हथियारबंद लोगों ने लूटपाट मचाई
लोक गायक छैला बिहारी के घर हथियारबंद मनबढ़ लोगों ने जमकर गोलीबारी की।
खगड़िया (जेएनएन )। प्रसिद्ध लोक गायक सुनील छैला बिहारी के पौरा स्थित पैतृक आवास पर बुधवार की रात्रि 11 बजे के आसपास हथियारबंद मनबढ़ लोगों ने जमकर गोलीबारी की। लूटपाट भी मचाई। विरोध करने पर सुनील छैला बिहारी के छोटे भाई सुशील बिहारी और परिजनों के साथ मारपीट कर घायल कर दिया।
इस मामले में छैला बिहारी के भाई सुशील बिहारी के आवेदन पर एक मामला दर्ज किया गया है। जिसमें पौरा मुखिया के पति अशोक यादव (पूर्व मुखिया), संजीव यादव, राजीव यादव उर्फ फंटूश समेत 14 लोगों को आरोपित किया गया है। सुशील बिहारी अपने और परिजनों के सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सुशील बिहारी की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि बुधवार की देर रात मुखिया पति समेत कई लोग उनके घर पर आकर कहने लगे कि मनरेगा योजना की जांच इन्हीं लोगों के शह पर पदाधिकारी कर रहे हैं। आवेदन में कहा गया गया है कि सभी लोग हथियार से लैस थे। विरोध करने पर मुखिया पति के आदेश पर गोलीबारी की गई। घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना बाद परिवार के लोग दहशत में हैं। कोट
' सुशील बिहारी की ओर आवेदन दिया गया है। जिसमें मुखिया पति अशोक यादव समेत 14 लोगों को आरोपित किया गया है। आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जा रही है। घटना स्थल से सौ मीटर की दूरी पर एक मोबाइल और पांच खोखा बरामद किया गया है।'
महेश लाल राम, पौरा ओपी अध्यक्ष।