भागलपुर [दिलीप कुमार शुक्ला]। कागज न कलम, कैलकुलेटर का भी क्या काम। उंगलियां हैं न! क्यों? समझ गए न! मैडम पूछती हैं और बच्चे एक साथ बोलते हैं-हां! जिस गणित से बच्चे अमूमन दूर भागते हैं, उसी को एक शिक्षिका ने इतना मनोरंजक बना दिया है कि बच्चे मानों गणित के साथ खेलने लगे हैं। रूबी गणित को उंगलियों पर नचा रही हैं।
गतिविधि आधारित शिक्षण (Activity based learning) के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने में माहिर रूबी को अब पूरा देश जानने लगा है। उनकी प्रतिभा की सराहना बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख (Shahrukh Khan) और दिग्गज उद्योगपति आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) भी कर चुके हैं। वहीं, सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी इस वीडियो को देखकर 'अद्भुत अद्भुत अद्भुत' Tweet किया है। रूबी को पहचान दिलाने और उनकी प्रतिमा को देश के सामने लाने का श्रेय बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के Teachers of Bihar को भी जाता है। रूबी ने बताया कि Teachers of Bihar ऐसा प्लेटफार्म है, जिसपर हमें अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है। इस प्लेटफार्म के माध्यम से उन्होंने अन्य शिक्षकों की गतिविधियों को देखा और सीखा। इसके अलावा खुद की गितिविधियों की जानकारी वहां साझा की।
रूबी कुमारी बांका जिले की रहने वाली हैं। उनका घर बौंसी प्रखंड के गोलहट्टी में है। उनके पति पंकज मिश्रा हैं। रूबी अंग्रेजी विषय की शिक्षका हैं। उन्होंने अंग्रेजी से स्नातक तक की शिक्षा ली है। साथ ही बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ाने के लिए डीएलएड प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। उनका मायका भी बांका जिले के मिश्राचक, डहुआ, बौंसी में है। वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय सरौनी बौंसी में शिक्षिका हैं। विद्यालय में कुछ विषयों के शिक्षक नहीं रहने के कारण रूबी खुद ही अंग्रेजी के साथ-साथ गणित और संस्कृत पढ़ाती हैं। इस विद्यालय में वर्ग प्रथम से अष्टम वर्ग तक के छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं।
रूबी ने बताया कि उनकी पढ़ाई के साथ पेंटिंग और गायन में भी रुचि है। वे अपनी इन दोनों विधाओं का इस्तेमाल बच्चों को पढ़ाने में भी करती हैं। इससे बच्चे खेल-खेल में आसानी से सीख रहे हैं। शिक्षण का असली मतलब भी यही है। वे गणित जैसे विषय को आसान बनाने के लिए नए-नए प्रयोग करती रहती हैं।
उन्हें हर ओर से बधाई मिल रही है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अहसन ने भी उन्हें शुभकामना दी है। रूबी के मायके मिश्राचक डहुआ और ससुराल गोलहट्टी में भी लोग काफी खुश हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक त्रिपुरारी सिंह, शिक्षक संजीव कुमार ने बताया कि हाथों की उंगलियां कैलकुलेटर बन गई हैं, बच्चे काफी कुछ सीख रहे हैं।
गतिविधि आधारित शिक्षण
रूबी अपने विद्यालय में बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षण (Activity based learning) के माध्यम से पढ़ाती हैं। उन्होंने बताया कि इस माध्यम में बच्चों को पढ़ाने में रुचि जगती है। इससे बच्चे जल्दी सीखते हैं और उन्हें याद भी रहता है। यह माध्यम से पढ़े हुए पाठ को बच्चे कभी नहीं भूलते। बच्चों को यह भी लगता है कि उन्हें खेल-खेल के माध्यम से शिक्षित किया जा रहा है। खेल-खेल में बच्चों को ज्ञान देने की इस कला से विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी उनसे काफी प्रभावित हैं। इसके लिए रूबी मोबाइल एप का भी सहारा लेती हैं। उन्होंने कहा कि गणित ही नहीं, बल्कि अंग्रेजी और संस्कृत भी वह इसी तरह पढ़ाती हैं। खेल के दौरान भी वह बच्चों को कुछ नया संदेश और ज्ञान देती हैं। उनकी पढ़ाई से बच्चे इतने प्रसन्न होते हैं कि विद्यालय में रूबी को हमेशा वे सभी घेरे रहते हैं। चेतना सत्र को भी रूबी बखूबी अंजाम देती हैं। इस सत्र में भी वे रोज कुछ न कुछ नया प्रयोग करती हैं।
वैदिक गणित की प्रति रुचि
शिक्षिका रूबी ने बताया कि उन्हें वैदिक गणित की प्रति शुरू से ही रुचि है। बच्चों को कम समय सें भारी से भारी हल प्राप्त करने की जानकारी देने के लिए खुद भी लगातार अध्ययन करती हैं। इसके लिए Teachers of Bihar में अपलोड किए गए Video को भी देखती हैं। वे वैदिक गणित की पुस्तकें पढ़ती हैं। वे हाथ को ही कैलकुलेटर (calculator) बनाती हैं। दस अंगुली की मदद से भारी से भारी हिसाब को हल कर देती हैं। वे बच्चों को भी इस पद्धति की जानकारी दे रही हैं।
अभिनेता शाहरुख और आनंद महिंद्रा ने कहा - WOW
शिक्षिका रूबी कुमारी का स्कूल में पढ़ाते हुए एक वीडियो वायरल (Video viral) हो रहा है। जिसमें वे अपनी दस अंगुली की मदद से गणित में कैलकुलेशन को बड़ी आसानी से समझा रही हैं। गणित पढ़ाने के रोचक तरीके का वीडिया देशभर में वायरल है। यह वीडियो (Video) सात जनवरी 2020 को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के टीचर्स ऑफ बिहार-द चेंजमेकर्स (Teachers of Bihar-The Change Makers) के फेसबुक पेज पर इसे अपलोड किया गया। इसका लिंक ट्विटर (twitter) पर भी साझा किया गया। इस वीडियो को अब तक एक लाख 75 हजार से अधिक लोगों ने शेयर किया है। यह साढ़े तीन लाख पहुंच चुका है। इस Video को बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख और महिंद्रा ग्रुप के मालिक आनंद महिंद्रा ने रि-ट्वीट (Re-tweet) किया है। आनंद महिंद्रा के रि-ट्वीट (Re-tweet) को सात हजार लोगों ने रि-ट्वीट और लगभग दो लाख लोगों ने उसे देखा है। वहीं शाहरुख के रि-ट्वीट (Re-tweet) को 50 हजार से अधिक ने पसंद किया और पांच हजार लोगों ने रि-ट्वीट (Re-tweet) किया है। इस वीडियो पर सदी के महानायक वॉलीबुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने tweet करते हुए अपने अंदाज में 'अद्भुत अद्भुत अद्भुत' लिखा है।
कुछ ऐसे पढ़ाती हैं रूबी
रूबी के पढ़ाने के अंदाज का एक उदाहरण कुछ यूं है- बच्चों! दोनों हथेलियों को खोल दो। कितनी उंगलियां हैं? जवाब-दस। अब मान लो हमें नौ के अंक को चार से गुणा करना है। दाहिने हाथ की चौथी उंगली यानी अंगूठे से पहले वाली उंगली को पकड़ लें। ठीक है...। बच्चे-हां। तो जिस उंगली को पकड़ रखा है, उसके पहले कितनी उंगलियां बच गईं? बच्चे-तीन उंगली। तो तीन लिख दो। और, जिस उंगली को पकड़ रखा है, उसके बाद दोनों हथेलियों को मिलाकर कितनी उंगलियां हैं? बच्चे-छह। तो तीन के बाद छह यानी नौ और चार का गुणनफल 36 हो गया। वे बच्चों को इसी तरह पढ़ाती हैं और वे इसे तुरंत सीख जाते हैं।
आनंद महिंद्रा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'क्या? मुझे इस शॉर्टकट के बारे में बिलकुल भी नहीं पता था। काश! यह मेरी गणित की टीचर होती। मैं भी इस विषय में और अच्छा कर सकता था।
यही नहीं शाहरुख खान भी इस टीचर के अंदाज से काफी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने वीडियो को रीट्वीट (Re-tweet) करते हुए लिखा है कि आपको बता नहीं सकता कि मेरे जीवन के कितने मुद्दों को इस एक साधारण गणना ने हल किया है।
डीईओ अहसन ने कहा कि यह बांका की बड़ी उपलब्धि है। बांका में शिक्षा लगातार नई ऊंचाई छू रही है। रूबी ने बताया कि वे बांका उन्नयन ग्रुप पर भी काफी समय से जुड़ी हैं। इसी से उन्हें लगा कि कुछ खास करना चाहिए। वे बचपन से ही वैदिक गणित से प्रभावित रही हैं। इसी को अपनाकर वह बच्चों को पढ़ा रही हैं।
जानिए क्या है Teachers of Bihar
Teachers of Bihar एक ऐसा मंच है, जो शिक्षकों एवं शिक्षा से जुड़े सभी लोगों के द्वारा किये जा रहे शैक्षिक प्रयासों को साझा करने, नवाचारों से सीखने और लागू करने का अवसर और पहचान प्रदान करता है। Teachers of Bihar शिक्षकों द्वारा, शिक्षकों के लिए, शिक्षकों का एक ऐसा अभिनव मंच है जो आपके सार्थक प्रयासों को पहचान और दिशा प्रदान करता है। इस मंच स्थापना 20 जनवरी 2019 को की गई थी।
Teachers of Bihar (Website) : www.teachersofbihar.org
Facebook page : https://www.facebook.com/Biharkeshikshak/
https://www.facebook.com/groups/1907206889337788/
Youtube : https://www.youtube.com/channel/UCxyqpOA9qTkagY2mVORnRgQ
Instagram : https://instagram.com/teachersofbihar
twitter : https://twitter.com/teachersofbihar
Blog : https://teachersofbihar.blogspot.com
भागलपुर में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे
blink LIVE
PNB MetLife Webinar
VIDEO