JLNMCH : बिना सूचना के गायब रहने वाले जूनियर डॉक्टरों की अब खैर नहीं, बनाई जा रही सूची Bhagalpur News
बिना किसी सूचना के लगातार गायब रहने वाले ऐसे जूडा की सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद इन्हें सेवा वापसी रास्ता दिखाया जाएगा। अस्पताल प्रशासन की फैसले के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
भागलपुर, जेएनएन। जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एंड अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में अब जूनियर डॉक्टरों (जूडा) की मनमानी नहीं चलेगी। अस्पताल प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिना किसी सूचना के लगातार गायब रहने वाले ऐसे जूडा की सूची तैयार की जा रही है। इसके बाद इन्हें सेवा वापसी रास्ता दिखाया जाएगा। अस्पताल प्रशासन की इस कड़े फैसले के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल, समीक्षा के दौरान कुछ जूनियर डॉक्टरों की ड्यूटी से गायब रहने की शिकायतें मिली थीं। इसमें कहा गया था कि बार-बार अल्टीमेटम देने के बाद भी इनकी सेहत पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो इसे सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने यह सख्त निर्णय लिया। गायब रहने और डयूटी में लापरवाही बरतने वालों की सूची बनाने का निर्देश दिया गया।
पिछले दिनों कई विभागों में मिली थी शिकायत
गत वर्ष दिसंबर में अस्पताल के हड्डी रोग विभाग और कुछ विभाग में सीनियर और जूनियर के नहीं आने की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद इन विभागों में तैनात सीनियर और जूनियर के बारे में अधीक्षक ने जानकारी ली थी। रजिस्टर में कोई एंट्री नहीं दिखी। इसके बाद चार सीनियर और दो जूनियर को चेतावनी पत्र दिया गया था। इसमें अगली बार सेवा वापस करने की बात अधीक्षक ने कही थी।
अस्पताल ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को अपनी-अपनी डयूटी हर हाल में करनी है। इसमें किसी तरह की मनमानी चलेगी। स्थिति में सुधार नहीं हुई तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. आरसी मंडल, अधीक्षक, जेएलएनएमसीएच।