एसीजेएम ने हबीबपुर पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल, जानिए पूरा मामला
भागलपुर एसीजेएम अतुलबीर सिंह ने हबीबपुर पुलिस से 17 नवंबर को कारण पृच्छा मांगा था। किस परिस्थिति में 11 नवंबर को हुई प्राथमिकी में 17 नवंबर तक कोर्ट को कोई जानकारी नहीं दी गई?
भागलपुर (जेएनएन)। हबीबपुर थाना क्षेत्र में काली विसर्जन शोभा यात्रा के दौरान 9 नवंबर की रात दो बजे हुए बम धमाका में जख्मी हुए दो आरोपितों पर कार्रवाई को लेकर हबीबपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। एसीजेएम अतुलबीर सिंह ने हबीबपुर पुलिस से 17 नवंबर को कारण पृच्छा मांगा था। किस परिस्थिति में 11 नवंबर को हुई प्राथमिकी में 17 नवंबर तक कोर्ट को कोई जानकारी नहीं दी गई? घटना में जख्मी सोनू कुमार और राजकुमार राजा आरोपित हैं या नहीं? उन्हें पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद भी न्यायालय को इसकी जानकारी इतने दिन बाद भी नहीं दी गई।
जख्मी आरोपितों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है इसकी भी जानकारी कोर्ट को नहीं दी गई? इसके जवाब में हबीबपुर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में अपना लिखित पक्ष रखा। पुलिस की ओर से रखे पक्ष में यह बताया गया कि जिस दिन बम धमाका हुआ था। उस दिन स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपितों को अस्पताल में भर्ती कराया था। मंगलवार को उन आरोपितों में एक राजकुमार राजा को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया तो उसे हिरासत में ले लिया गया है।
दूसरा आरोपित सोनू कुमार का अभी भी उपचार चल रहा है। एसीजेएम अतुलबीर सिंह ने हबीबपुर पुलिस के लिखित जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने पुलिस को बम विस्फोट कांड से संबंधित केस डायरी समर्पित करने का निर्देश दिया ।