कटिहार के मनिहारी गंगा में अररिया की एक महिला डूबी, सुपौल से आई थी गंगा स्नान करने, शव बरामद
कटिहार में गंगा स्नान के दौरान अररिया की एक महिला डूब गई। गुरुवार की सुबह उसका शव बरामद किया गया है। सुपौल स्थित मायके से वह कटिहार अपने स्वजनों के साथ गंगा स्नान करने आई थी। इस घटना से घर में शोक है।
कटिहार, जेएनएन। मनिहारी गंगा घाट पर स्नान के दौरान बुधवार को डूबी अररिया निवासी महिला का शव गुरुवार की सुबह बरामद कर लिया गया। लापता पिंकी देवी सुपौल के प्रतापगंज स्थित मायके से स्वजनों के संग गंगा स्नान को आई थी। गुरुवार की सुबह स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसका शव बरामद किया गया। शव बरामद होते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है। छठ के पूर्व उमड़ रही भीड़ के मद्देनजर घाट पर समुचित व्यवस्था नहीं रहने के कारण यह घटना घटी थी।
पिंकी देवी अररिया जिले के अचरा गांव निवासी सुनील कुमार ठाकुर की पत्नी थी। भाई प्रकाश ठाकुर ने कहा कि उनकी बहन पिंकी देवी मायके से ही गंगा स्नान को आई थी। निजी वाहन से वे लोग यहां पहुंचे थे। यहां गंगा स्नान के क्रम में उनके बुजुर्ग पिता व मौसी डूबने लगी। यह देख वह भी दुकानदारों व अन्य लोगों के साथ उन्हें बचाने की कोशिश की। उनके बुजुर्ग पिता व मौसी तो बच गए, वह खुद लापता हो गई थी। बुधवार की देर शाम तक स्थानीय लोगों के प्रयास से उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला। गुरुवार की सुबह स्थानीय गोताखोरों ने उसका शव बरामद किया गया। बता दें कि यहां जुट रही भीड़ को लेकर अबकी कोई इंतजाम नहीं किया गया है। इससे आगे भी घटना की आशंका बनी हुई है। चुनावी शोर थमने के बाद इस मामले में किसी स्तर से कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।
खतरनाक घाट पर नहीं है समुचित व्यवस्था
कटिहार के मनिहारी गंगा घाट पर काफी संख्या में लोग स्नान करने आते हैं। लगातार यहां इस प्रकार की घटनाएं घटती है। इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं देते। यहां काफी भीड़ रहती है। घाट पर बढि़या से बना हुआ नहीं है। लगातार डूबने की घटना होने से लोगों में रोष है।