63 बोरी नकली खाद जब्त, चालक गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर सहायक पुलिस ने छापेमारी कर 63 बोरी नकली खाद जब्त की।
कटिहार (जेएनएन)। रानीघाट के समीप गुप्त सूचना के आधार पर सहायक पुलिस ने छापेमारी कर 63 बोरी नकली खाद जब्त की। इसे एक पिकअप वॉन से ले जाया जा रहा था। इस दौरान बरारी के चितौरिया निवासी वाहन के चालक नईमउद्दीन को भी गिरफ्तार किया गया।
जब्त खाद के नमूने की जांच कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने बताया कि बरामद खाद नकली है। इसकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। गिरफ्तार चालक ने पुलिस को बताया कि खाद का उठाव उसने पार्षद सह गोशाला निवासी भोला सहनी के यहां से किया था। पार्षद व गुड्डू नामक व्यक्ति उसे मंगलवार को यह बताने वाले थे कि खाद कहां पहुंचानी है। मामले में कृषि पदाधिकारी के आवेदन पर चालक, वार्ड पार्षद एवं गुड्डू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सहायक थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि बिना किसी अनुज्ञप्ति के उर्वरक ले जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। नकली खाद के कारोबारियों के खिलाफ कृषि विभाग भी विशेष अभियान चला रहा है। खाद दुकानों की नियमित जांच की जा रही है। इससे पूर्व भी जिले में छापेमारी के दौरान नकली खाद पकड़ी जा चुकी है।