सबदलपुर पुल के निकट डीएमयू से गिरकर युवक घायल
बेगूसराय। खगड़िया-जमालपुर रेलखंड पर बुधवार को लगभग 11 बजे खगड़िया से जमालपुर जा रही डीएमयू ट्रेन से एक
बेगूसराय। खगड़िया-जमालपुर रेलखंड पर बुधवार को लगभग 11 बजे खगड़िया से जमालपुर जा रही डीएमयू ट्रेन से एक 35 वर्षीय युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही पहुंची साहेबपुर कमाल पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। युवक की पहचान खगड़िया जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र के माड़र ग्राम निवासी लालो मंडल के 35 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि खगड़िया-जमालपुर 07361 डीएमयू सवारी गाड़ी सबदलपुर स्टेशन से जमालपुर के लिए ज्योंही खुली, पुल के पूर्वी आउटर सिग्नल के पास ट्रेन के गेट पर बैठा एक युवक नीचे गिर गया। ट्रेन पर सवार यात्रियों द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग दौड़े और घायल युवक को उठाया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना साहेबपुर कमाल थाने को दी। पुलिस ने पहुंच कर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साहेबपुर कमाल में इलाज के लिए भर्ती कराया। परंतु, युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जाता है कि युवक खगड़िया से मुंगेर जा रहा था। घायल युवक के मोबाइल से परिजन को घटना की जानकारी दी गई।