छह जनवरी को सीएम का करेंगे भव्य स्वागत
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : आगामी छह जनवरी को मुख्यमंत्री के बेगूसराय आगम की तैयारी जोरों से चल र
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : आगामी छह जनवरी को मुख्यमंत्री के बेगूसराय आगम की तैयारी जोरों से चल रही है। जिला प्रशासन से लेकर एनडीए कार्यकर्ता दिनरात उनके स्वागत की तैयारी में जुटे हुए हैं। वहीं, शिक्षक संघ सहित कई अन्य संघ-संगठनों ने भी मुख्यमंत्री के विरोध का मन बनाया हुआ है। इधर, जिला के तालीमी मरकज के शिक्षा स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री के भव्य स्वागत की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार रविवार को शहर के पथ प्रमंडल कार्यालय में आयोजित संघ की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे बिहार राज्य तालीमी मरकज शिक्षा स्वयंसेक संघ के जिलाध्यक्ष मो. तारिक अनवर ने बताया कि स्वयंसेवक सकारात्मकता को बढ़ाने की दिशा में यह निर्णय ले रही है। हालांकि स्वयंसेवकों की कई अहम मांगें अब तक विचाराधीन हैं। उसके बावजूद हम लोग सीएम के स्वागत में कोई कमी नहीं करेंगे। वहीं, बैठक को संबोधित करते हुए साक्षरता जिला सचिव एसएन आजाद ने कहा कि सरकार ने तालीमी मरकजों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। आप उन बच्चों की शिक्षा देने का काम करते हैं, जिन्हें हम अबोध या दूसरे शब्दों में कहें तो नादान कहते हैं। वैसे बच्चों को शिक्षा देना काफी जिम्मेदारियों और कठिनाईयों भरा कार्य है। परंतु, इन सबके बावजूद जिला के तालीमी शिक्षा स्वयंसेवक अपने कार्यों को बखूबी अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। जिलाध्यक्ष मो. तारिक ने कहा कि तालीमी मरकज को शैक्षणिक कार्य के अतिरिक्त भी जितनी जिम्मेदारियां दी गई हैं, उन सबको हम स्वयंसेवकों ने अपना फर्ज मान कर पूरा किया है, और आगे भी हमारी कोशिश अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह और दहेज उन्मूलन के लिए राज्य सरकार द्वारा 21 जनवरी को मानव श्रृंखला बना लोगों को जागरूक करने की तैयारी चल रही है। जिले के सभी स्वयंसेवक अभी से इसको अमली जामा पहनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्र में कार्य प्रारंभ करें। जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि छह जनवरी को मुख्यमंत्री बेगूसराय आ रहे हैं, स्वयंसेवक सीएम के स्वागत हेतु भी पुरजोर तैयारी कर रहे हैं। मौके पर जिला सचिव मो. अकबर, मो. सुब्हान, मो. इस्लाम, मो. आबिद, अम्बिया खातून, रुखसार खातूर, भीम सदा, राम निवास, जितेंद्र, शादाब, ईसा, संजय रजक, मो. आफताब, मो. खालिद सहित अन्य मौजूद थे।