बिहार: स्कूल में मारपीट व फायरिंग से दहशत, आठ छात्रों सहित दो दर्जन जख्मी
बिहार के बेगूसराय में एक निजी स्कूल में मारपीट व फायरिंग की घटना हुई है। इसमें आठ छात्रों सहित दो दर्जन लोग जख्मी हो गए हैं। क्या है मामला, जानिए इस खबर में।
बेगूसराय [जेएनएन]। बेगूसराय के सीमावर्ती बटहा गांव स्थित विद्या भारती द्वारा संचालित निजी विद्यालय सुंदरी देवी सरस्वती विद्या मंदिर पर वर्चस्व को लेकर सोमवार को मारपीट और दर्जनों राउंड फायरिंग में दो दर्जन लोग जख्मी हो गए। घायलों में आठ छात्रों की हालत गंभीर है। पुलिस ने घटना के आरोपित मुख्य ट्रस्टी डॉ. एनके सिंह व रिटायर्ड एसपी श्याम कुमार समेत 10 को हिरासत में लिया है। इस बीच एसडीओ ने स्कूल को एक सप्ताह तक बंद करने का निर्देश दिया है।
प्राचार्य को पीटकर किया अधमरा, की गोलीबारी
जानकारी के अनुसार सोमवार को मुख्य ट्रस्टी के हथियारबंद गुर्गों ने मारपीट करते हुए प्रधानाचार्य को कुर्सी से हटा दिया तथा उन्हें पीटकर अधमरा कर दिया। प्रधानाचार्य को पिटते देख हॉस्टल के छात्रों ने विरोध किया। इसके बाद मुख्य ट्रस्टी के समर्थकों ने छात्रों पर गोली चला दी। इससे बात बिगड़ गई।
बात बिगड़ती देख मुख्य ट्रस्टी अपने लोगों के साथ एक घर में बंद हो गए। उनके बाहरी समर्थक गोलियां चलाते हुए भाग निकले। छात्रों ने ट्रस्टी के घर को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी।
ये है मामला
घायल छात्र ऋषभ एवं अजित अमरनाथ ने बताया कि अचानक प्राचार्य कक्ष में हल्ला सुनकर जब हॉस्टल के छात्र वहां पहुंचे तो देखा कि प्राचार्य देवानंद देवर्षि को जबरदस्ती कुर्सी से हटाकर विद्यालय की शिक्षिका रंजना कुमारी को कुर्सी पर बैठाने का प्रयास हो रहा है। जब प्राचार्य ने कुर्सी से हटने से मना किया तो वे लोग ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। फायरिंग में उन दोनों के अलावा दो दर्जन छात्र घायल हो गए।
सूचना मिलते ही ग्रामीण जुट गए। लेकिन, बदमाश ग्रामीणों एवं छात्रों को लाठी-डंडों से पीटने लगे। दोनों तरफ से रोड़ेबाजी होने लगी। मौका पाकर ग्रामीणों ने घायल आठ छात्रों शुभराज, प्रिंस, अमित, आनंद, रंजीत कुमार, कृष्ण कुमार, रचित कुमार, अमरनाथ कुमार समेत एक दर्जन और छात्रों को वहां से निकालकर अस्पतालों में भर्ती कराया।
घायल प्राचार्य देवानंद देवर्षि ने बताया कि विद्यालय के संस्थापक के पुत्र डॉ. एनके सिंह ने नियम विरुद्ध रंजना कुमारी को प्राचार्य पद सौंपने का आदेश दिया। विद्यालय प्रबंधन समिति का अनुमोदन नहीं होने से उन्होंने प्राचार्य पद से हटने से मना कर दिया। इससे बौखलाए अध्यक्ष ने रंजना देवी को प्रधानाचार्य बनाने के लिए हथियारबंद लोगों को बुला लिया।
पुलिस ने कही से बात
रोसड़ा थानाध्यक्ष एचएन सिंह ने बताया कि कई थानों की पुलिस के सहयोग से मामले को शांत कराया गया। स्थिति नियंत्रण में है। दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने फायरिंग की पुष्टि की, लेकिन छात्रों को गोली लगने से इनकार किया, लेकिन आठ छात्रों के गंभीर रूप से घायल होने कह पुष्टि की।