खोदावंदपुर में माध्यमिक शिक्षा की स्थिति बदतर
बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों की उदासीनता से माध्यमिक ि
बेगूसराय। खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों की उदासीनता से माध्यमिक शिक्षा की स्थिति बदतर है। यहां कुल सात उच्च विद्यालय हैं। जिसमें श्री दुर्गा उच्च विद्यालय मेघौल, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय मेघौल, तथा किसान उच्च विद्यालय तारा बरियारपुर को पहले से ही उच्च विद्यालय का दर्जा प्राप्त है। जबकि उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुसहरी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय मसुराज, मध्य विद्यालय बेगमपुर, उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय नुरुल्लाहपुर को उत्क्रमित कर उच्च विद्यालय का दर्जा दिया गया है। उच्च विद्यालय का दर्जा पाए उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुसहरी में अभी नवम व दशम वर्ग की पढ़ाई शुरू नहीं हुई है। जबकि इस विद्यालय का नवनिर्मित भवन तैयार है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय मसुराज का अपना नवनिर्मित भवन रहने के बावजूद इसमें नवम एवं दशम वर्ग की पढ़ाई शुरू नहीं हुई है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेगमपुर में नवम एवं दशम वर्ग की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। इस विद्यालय के लिए अलग से नवनिर्मित भवन बना हुआ है। भवन बनने के तीन वर्षों बाद भी पढ़ाई शुरू नहीं हुई है। रख-रखाव के अभाव में यह भवन भूत बंगला बना हुआ है। उत्क्रमित उर्दू उच्च विद्यालय नुरुल्लाहपुर में नवम एवं दशम वर्ग की पढ़ाई हो चुकी है। इस विद्यालय के संचालन के लिए शिक्षक भी पदस्थापित हैं। परंतु, इस विद्यालय को अपना भवन नहीं है। जिससे उर्दू मध्य विद्यालय में ही इसका संचालन हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्क्रमित उच्च विद्यालय मुसहरी एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय मसुराज में वर्ग संचालन के लिए अब तक किसी शिक्षक का पदस्थापना नहीं हुआ है। जिससे अब तक पढ़ाई शुरू नहीं हुई है। कुल मिलाकर प्रखंड क्षेत्र में माध्यमिक शिक्षा की स्थिति अत्यंत खराब है। विभागीय पदाधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे आठवां वर्ग पास करने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राओं को हाईस्कूल की शिक्षा के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है।