पान दुकानदार की हत्या के विरोध में सड़क जाम
बेगूसराय शुक्रवार की सुबह खम्हार निवासी पान दुकानदार स्व. रामदेव सिंह के पुत्र गोपाल कुम
बेगूसराय : शुक्रवार की सुबह खम्हार निवासी पान दुकानदार स्व. रामदेव सिंह के पुत्र गोपाल कुमार की हत्या से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के समीप एसएच-55 पर आवागमन बाधित कर हंगामा किया। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आधे घंटे तक बेगूसराय मंझौल पथ जाम रहने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को कार्रवाई व हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर सड़क जाम खत्म कराया। इस संबंध में मृतक की पत्नी रंजना देवी के फर्द बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
क्या है मामला : गुरुवार की रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खम्हार माधुरी ढाला के समीप खम्हार निवासी स्व.रामदेव सिंह के 34 वर्षीय पुत्र गोपाल कुमार सिंह की हत्या सिर में गोली मार कर दी। वे एसएच-55 के माधुरी ढाला के समीप पान की दुकान चलाते थे। स्वजनों समेत स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुछ दिन पूर्व मनचलों की हुई थी पिटाई :
घटना के कारण के संबंध में पुलिस अभी जांच पड़ताल में जुटी है इधर स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव की एक लड़की से छेड़खानी किए जाने पर पान दुकानदार समेत स्थानीय लोगों ने मनचलों की पिटाई की थी। मनचले समीप के एक गांव के बताए जाते हैं। वहीं हाल में रजौड़ा के एक चोर की पिटाई की गई थी। स्थानीय लोग घटना का तार मनचलों व चोर की पिटाई से जोर रहे हैं। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव कुमार लाल ने बताया कि हत्यारों को सुराग तलाशा जा रहा है। घटना के कारणों के संबंध में स्वजनों समेत स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।