खुलेआम गुंडई : खाने में नींबू नहीं दिया तो गोली मार दी
महज एक नींबू के लिए कोई किसी की जान ले सकता है। शायद आप सोच रहे होंगे नहीं, लेकिन बिहार में बेखौफ अपराधी छोटी सी बात पर भी गोलीबारी से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय के बरौनी का है।
बेगूसराय। महज एक नींबू के लिए कोई किसी की जान ले सकता है। शायद आप सोच रहे होंगे नहीं, लेकिन बिहार में बेखौफ अपराधी छोटी सी बात पर भी गोलीबारी से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय के बरौनी का है। होटल में खाने के दौरान नींबू नहीं मिला तो होटल मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों ने सड़क जाम कर हंगामा किया।
बरौनी में रतीश पंडित के होटल में देर रात विजय कुमार, कुनाल कुमार, छोटे लाल और धनराज खाना खाने के लिए पहुंचे। खाने में चारों ने नींबू मांगा तो रतीश ने खत्म होने की बात कह मना कर दिया। बस इसी बात से चारों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। रतीश जब तक कुछ समझ पाते तब तक उन्हें गोली लग गई।
घटना के बाद चारो आरोपी फरार हो गए। आसपास के लोग रतीश को पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम किया था, करीब एक घंटे बाद जाम खुलवा दिया गया।