देश की सुरक्षा और विकास के लिए नमो जरूरी : गिरिराज
बेगूसराय। बुधवार को राजग प्रत्याशी सह भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने बखरी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो का आयोजन किया।
बेगूसराय। बुधवार को राजग प्रत्याशी सह भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने बखरी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने रोड शो अभियान की शुरुआत बखरी-मंझौल पथ के पीरनगर से की। खुली जीप में उनका काफिला हेमनपुर, मोहनपुर, गंगरहो, घाघड़ा, उदयपुर, मधुआ, करकौली, सिमरी, रामपुर, सलौना, चकहमीद, शकरपुरा, जयलख, बखरी बाजार, आंबेदकर चौक, राटन, परिहारा, बहुआरा, बागवन आदि गांव- मुहल्लों से होकर गुजरा। इस दौरान गंगरहो सहित विभिन्न चौक पर युवाओं ने राजग प्रत्याशी का फूल-मालाओं से स्वागत कर उनकी जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उन्होंने पांच वर्षों के केंद्र सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हुए नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाने की अपील मतदाताओं से की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। मोदी जी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि माना तथा इससे खिलवाड़ करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उनके द्वारा किये गए विकास कार्यों तथा राष्ट्र रक्षा के कारण आज विश्व के देशों में भारत का मान बढ़ा है। उन्होंने बेगूसराय में अपनी सरकार द्वारा किये गए कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने जिले को उपलब्ध हो रही बिजली, सिमरिया में गंगा नदी पर बन रहे पुल, गढ़हरा लोको शेड, रिफाइनरी का विस्तारीकरण, पेट्रोकेमिकल के लिए हो रहे प्रयास और केंद्र सरकार की शौचालय व आवास योजना की भी चर्चा की। मौके पर पूर्व विधायक रामानंद राम, लोजपा नेता सह पूर्व विधायक राम विनोद पासवान, नगर की मुख्य पार्षद सरिता साहू, भाजपा नेता रामलखन सिंह, लोजपा के घासी राम पोद्दार, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष अशोक राय आदि मौजूद थे।