बेगूसराय में बोले कन्हैया: युवाओं को भटका रही है नरेंद्र मोदी की सरकार
वामदल का युवा चेहरा कन्हैया शनिवार को बेगूसराय स्थित अपने गांव बीहट में थे। वे शनिवार को विश्व युवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बहुत कुछ बोले हैं।
बेगूसराय [जेएनएन]। वामदल का युवा चेहरा कन्हैया शनिवार को बेगूसराय स्थित अपने गांव बीहट में थे। वे शनिवार को विश्व युवा दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं को रास्ते से भटका रही है।
बीहट के निकट तिलरथ में विवेकानंद जयंती समारोह पर 'किस ओर जा रही युवाओं की दुनिया' विषयक सेमिनार आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की।
कन्हैया ने कहा कि आज के युवाओं को उनके हक और अधिकार के लिए जागरूक होने की जरूरत है। उस अधिकार को प्राप्त करने के लिए जुझारू संघर्ष करने की जरूरत है। तभी उन्हें अधिकार मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण ही आज युवाओं को उनका हक नहीं मिल रहा है।
वहीं कार्यक्रम में एटक नेता प्रह्लाद सिंह ने कहा कि आज के युवाओं को विवेकानंद के रास्ते पर चलने की जरूरत है। उनके बताए रास्ते पर चल कर देश को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत है। किसान नेता अरविंद सिंह ने कहा कि भारत की माटी का लाल कन्हैया आज देश में बदलाव का बिगुल फूंक रहा है।
गौरतलब है कि जेएनयू स्टूडेंट्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार बिहार के बेगूसराय से भाकपा के प्रत्याशी हो सकते हैं। उन्हें महागठबंधन कोटे से टिकट मिल सकता है। कन्हैया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का बड़ा विरोधी माना जाता है। हालांकि, कन्हैया इस बाबत फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं।