तेघड़ा में गृहरक्षक को मारी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर
बेगूसराय गुरूवार को अज्ञात बदमाशों ने तेघड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-28 के रूदौली के समीप गृहर
बेगूसराय: गुरूवार को अज्ञात बदमाशों ने तेघड़ा थाना क्षेत्र के एनएच-28 के रूदौली के समीप गृहरक्षक को गोली मार कर घायल कर दिया। घायल गृहरक्षक की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बाबूराही निवासी स्व. रामेश्वर यादव के 43 वर्षीय पुत्र अशोक यादव के रूप में हुई है। तेघड़ा पुलिस ने गंभीर हालत में इलाज के लिए बेगूसराय स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया, जहां प्राथमिकी उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। घटना के कारणों को अभी खुलासा नहीं हुआ है। एसपी अवकाश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच पड़ताल किए जाने की बात कही है।
बाबूराही निवासी गृहरक्षक संख्या 480026 अशोक कुमार यादव फिलहाल बेगूसराय यातायात पुलिस में पदस्थापित थे। गुरूवार की दोपहर बाद वे अपने एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल से रूदौली स्थित एसबीआइ शाखा से पैसा निकालने जा रहे थे। इसी क्रम में रूदौली के समीप एनएच-28 पर पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार घायल कर दिया। दो गोली लगने के बाद गृहरक्षक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तेघड़ा पुलिस को दी। तेघड़ा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घायल गृहरक्षक को इलाज के लिए बेगूसराय भेज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी घटना के कारणों को खुलासा नहीं हुआ है। घायल के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। बदमाशों को सुराग तलाशने के लिए घटनास्थल के समीप चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।