लोकसभा चुनाव में लड़कियों की उच्च शिक्षा का मुद्दा गायब
बेगूसराय। आमतौर पर कोई भी नेता चुनाव में विकास नौकरी रोजगार नारी सशक्तिकरण समेत अन्य मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाते हैं। परंतु इस बार का चुनाव जाति धर्म संप्रदाय राष्ट्रवाद समेत अन्य मुद्दे पर सिमट कर रह गया है। ऐसा कहना है उच्च शिक्षा से वंचित रह रही गढ़पुरा प्रखंड के छात्राओं का।
बेगूसराय। आमतौर पर कोई भी नेता चुनाव में विकास, नौकरी, रोजगार, नारी सशक्तिकरण समेत अन्य मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाते हैं। परंतु, इस बार का चुनाव जाति, धर्म, संप्रदाय, राष्ट्रवाद समेत अन्य मुद्दे पर सिमट कर रह गया है। ऐसा कहना है उच्च शिक्षा से वंचित रह रही गढ़पुरा प्रखंड के छात्राओं का। शुक्रवार को परियोजना आरएनएस प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय गढ़पुरा में मध्यांतर के दौरान आपस में बैठकर स्कूल की छात्राओं ने चुनाव पर चर्चा की। छात्राओं का कहना था कि देश में कई तरह के चुनावी मुद्दे उछाले जा रहे हैं। परंतु, लड़कियों एवं नारी सशक्तिकरण जैसी अहम मुद्दे गायब हो गए हैं। कोई भी पार्टी हमलोगों के लिए गंभीर नहीं दिख रही है। हमारी उम्र भले ही वोट देने की नहीं हुई है, परंतु हम बेहतर समाज के निर्माण के लिए प्रेरित तो कर ही सकते हैं। पहले मतदान जाति धर्म के आधार पर होता था, परंतु अब महिलाएं एवं लड़कियां भी शिक्षित हो चुकी हैं। उनमें भी सभी बातों को भली-भांति समझने की क्षमता है। लड़कियों के लिए उच्च शिक्षा तकनीकी डिग्री एवं सुरक्षा के लिए सरकार को सोचना पड़ेगा। आज हम सबको उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। जिससे आज छात्राएं इंटर एवं बी.ए करने के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं। इसलिए लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आइटीआई, नर्सिंग ट्रेनिग समेत अन्य टेक्निकल शिक्षा की आवश्यकता है। इस क्षेत्र में हमलोग काफी पीछे हैं। 11वीं की छात्रा रश्मि कुमारी, पूजा कुमारी, विभा कुमारी, रौनक खातून, अफसाना खातून, मौसम कुमारी, सुष्मिता कुमारी आदि ने बताया कि हरेक प्रखंड में इस तरह के कॉलेज एवं प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएं तो लड़कियां भी किसी से कम नहीं रहेंगी। वर्ग दशम की श्वेता सुमन, नेहा कुमारी, राधा कुमारी, सरिता कुमारी आदि ने बताया कि आज हम सब के लिए साइकिल योजना, ड्रेस योजना, छात्रवृत्ति योजना है, लेकिन उच्च शिक्षा एवं टेक्निकल डिग्री के बिना यह सब अधूरी है। वर्ग नवम की पायल कुमारी, शीतल कुमारी, रोशनी कुमारी, नीलम कुमारी, प्रियंका कुमारी, जूली कुमारी आदि छात्राओं का कहना है कि जो लड़कियों के लिए इस तरह की सोच रखेगा हमलोग उसी को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। सभी ने बताया कि अब हमलोगों के परिवार का मतदान स्वच्छ, निर्भीक एवं सभी का ख्याल रखने वाले प्रत्याशियों को जाएगा।