किसी विधानसभा क्षेत्र में पराजित नहीं हुए गिरिराज, हर जगह गाड़ा विजयी झंडा
बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव हो या फिर पार्टी की रणनीति। बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से किसी प्रत्याशी ने ऐसी जीत दर्ज नहीं की थी जिसमें वह लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्र से जीता हो।
बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव हो या फिर पार्टी की रणनीति। बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र से किसी प्रत्याशी ने ऐसी जीत दर्ज नहीं की थी, जिसमें वह लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्र से जीता हो। भाजपा के कद्दावर नेता व सांसद स्व. डॉ. भोला सिंह ने भी इस तरह की जीत दर्ज नहीं की थी। परंतु यहां से भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह ने सभी विधानसभा में विजयी का झंडा गाड़ दिया। किसी विधानसभा क्षेत्र में उन्हें हार का मुंह नहीं देखना पड़ा। चुनाव परिणाम के आंकड़ों की बात करें, तो बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 01 लाख 22 हजार 504 मत मिले जबकि कन्हैया कुमार को 42 हजार 240 और तनवीर हसन को 16 हजार 908 मत मिले। इसी तरह मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 01 लाख 21 हजार 959, कन्हैया कुमार को 45 हजार 871 और तनवीर हसन को 23 हजार 811 मत मिले। तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 01 लाख 335, कन्हैया कुमार को 54 हजार 517 और तनवीर हसन को 13 हजार 650 मत मिले। बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 93 हजार 423, कन्हैया कुमार को 46 हजार 962 और तनवीर हसन को 31 हजार 819 मत मिले। चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 83 हजार 480, कन्हैया कुमार को 26 हजार 288 और तनवीर हसन को 31 हजार 435 मत मिले। साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 75 हजार 324, कन्हैया कुमार को 17 हजार 832 और तनवीर हसन को 49 हजार 858 मत मिले तथा सुरक्षित बखरी विधानसभा क्षेत्र में गिरिराज सिंह को 90 हजार 552, कन्हैया कुमार को 34 हजार 207 और तनवीर हसन को 29 हजार 319 मत मिले।