छोटे भाई ने अंधाधुंध फाय¨रग कर पूर्व मुखिया बड़े भाई को मारी गोली
मंगलवार की देर शाम बेगूसराय के तेयाय ओपी क्षेत्र के दादपुर गांव में सहोदर भाई ने अपने बड़े भाई पूर्व मुखिया अशोक चौधरी को गोली मार दी।
बेगूसराय। मंगलवार की देर शाम बेगूसराय के तेयाय ओपी क्षेत्र के दादपुर गांव में सहोदर भाई ने अपने बड़े भाई पूर्व मुखिया अशोक चौधरी को गोली मार दी। घटना का कारण मात्र कुछ फीट जमीन के लिए बीते 15 दिन पूर्व उपजा विवाद बताया जाता है। परिजनों ने घायल को बेगूसराय के डा. अशोक शर्मा के पास कल्पना नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। डा. अशोक ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दो अक्टूबर को पूर्व मुखिया अशोक अपने नये घर की सीढ़ी का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान सहोदर छोटे भाई सुरेन्द्र चौधरी ने आपत्ति जताई थी। सुरेन्द्र बीएसफ का रिटायर जवान है। वह 2011 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर गांव में रह रहा है। पूर्व मुखिया के पुत्र नीति रंजन चौधरी ने बताया कि रात करीब आठ बजे उनके पिता घर में सो रहे थे। इसी दौरान उसके चाचा सुरेन्द्र व चचेरे भाई गोपाल चौधरी हथियार के साथ आ धमके और गाली गलौज करते हुए सो रहे उनके पिता को घर से उठा कर मारपीट करने लगे। मारपीट में बीचबचाव करने के दौरान दोनों ने अंधाधुंध फाय¨रग शुरू कर दी। गोलियां घर के दीवार और गेट को छेद कर अंदर तक आने लगीं। इसी क्रम में एक गोली उनके पिता के जांघ में लग गई। गोली मारने के बाद दोनों बाप- बेटा मौके से भाग निकले। घायल को इलाज के लिए ले जाने के क्रम में गांव के चौकीदार से भेंट हुई जिसने तेयाय ओपी अध्यक्ष धर्मेन्द्र पाल को गोलीबारी की जानकारी दी। इस संबंध में समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गोलीबारी के बाद से आरोपी फरार है। घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
छोटा बेटा पहले से जेल में, बड़ा भी नामजद
बीएसएफ जवान सुरेन्द्र का छोटा बेटा कन्हैया चौधरी हाल ही में अवैध शराब व हथियार के साथ मंसूरचक थाना क्षेत्र में पकड़ा गया था। वह अभी भी बेगूसराय जेल में बंद है। अब बड़ा बेटा गोपाल समेत पूर्व जवान सुरेन्द्र भी गोली मार घायल करने के मामले में नामजद किया जा रहा है। इस कारण अब तीनों बाप-बेटा एक साथ बेगूसराय जेल में रहेंगे।