डीएम ने बखरी में किया धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण
बेगूसराय। मंगलवार की शाम डीएम अरविद कुमार वर्मा ने बखरी स्थित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने प्रखंड सह अनुमंडल मुख्यालय स्थित व्यापार मंडल सहित चकचनरपत और मोहनपुर पैक्स गोदामों में धान क्रय की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बेगूसराय। मंगलवार की शाम डीएम अरविद कुमार वर्मा ने बखरी स्थित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने प्रखंड सह अनुमंडल मुख्यालय स्थित व्यापार मंडल सहित चकचनरपत और मोहनपुर पैक्स गोदामों में धान क्रय की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम सबसे पहले व्यापार मंडल पहुंचे। व्यापार मंडल में किसानों से की गई खरीदारी का क्रय रजिस्टर मंगवाकर पंजी का अवलोकन किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप की गई धान की खरीदारी के संबंध में जानकारी ली। फिर डीएम का काफिला चकचनरपत पैक्स गोदाम पहुंचा। वहां भी पंजी का अवलोकन करते हुए खरीद की गई धान की क्वालिटी का जायजा लिया। डीएम ने पैक्स गोदाम पर उपस्थित किसानों से पूछताछ की। एक किसान हेमंत कुमार यादव ने शिकायत की। बाकी सबों ने पैक्स द्वारा धान खरीदारी को संतोषजनक बताया। हेमंत का कहना था कि पैक्स अध्यक्ष उनका धान नहीं खरीद रहे हैं। शिकायत के आलोक में डीएम ने बीसीओ मनोज कुमार को व्यापार मंडल के जरिए शिकायतकर्ता का धान खरीद लेने का निर्देश दिया। कुछ लोगों का कहना हुआ कि उन लोगों की मिट्टी काटकर बांध का निर्माण करवाया गया, परंतु कई वर्ष बीत जाने के बावजूद भी आज तक उन लोगों को मुआवजा नहीं मिला है। डीएम ने मामला संज्ञान में आने पर संबंधित विभाग के माध्यम से समस्या दूर करवाने का आश्वासन दिया। चकचनरपत से निकलकर डीएम का काफिला मोहनपुर पैक्स भवन पहुंचा। जहां की पंजी का अवलोकन और गोदाम का निरीक्षण किया गया। मौके पर डीएम ने पैक्स अध्यक्ष पंकज वर्मा से पूछताछ की और धान क्रय पंजी मंगवाकर अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने वहां मौजूद किसान रामविनय यादव अकहा, राधे महतो हेमनपुर, राजू शर्मा, चितरंजन वर्मा, रवि कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष कुंदन कानू आदि से भी धान खरीद एवं अन्य समस्याओं के बारे में पूछताछ की। मौके पर अपर एसडीएम शहजाद अहमद, एसडीपीओ चंदन कुमार, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष बासुकीनाथ झा, सीओ शिवेंद्र कुमार, बीसीओ मनोज कुमार, पैक्स अध्यक्ष अनिल कुमार, किसान ब्रजमोहन त्यागी, राम सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। वहीं दूसरी ओर डीसीओ ललन सिंह के द्वारा घाघरा पैक्स अध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा के गोदाम का निरीक्षण किया गया।