घर की दीवार गिरने से मलबे में दबकर बच्चे की मौत
बेगूसराय। बुधवार की अलसुबह मंझौल ओपी क्षेत्र की मंझौल पंचायत- एक वार्ड 13 में पुराने घर की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेगूसराय। बुधवार की अलसुबह मंझौल ओपी क्षेत्र की मंझौल पंचायत- एक वार्ड 13 में पुराने घर की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की पहचान मंझौल पंचायत- एक कमला वार्ड 13 निवासी अरविद कुमार महतो के चार वर्षीय पुत्र आर्यन राज के रूप में हुई। स्वजन ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े छह बजे के आसपास घर के सदस्य के द्वारा पुराने घर की दीवार को तोड़ा जा रहा था। इसी क्रम में दीवार वहां पर मौजूद आर्यन के शरीर पर गिर गई। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में स्वजनों ने उसे इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना को देख बच्चे के चाचा का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। मौत की खबर सुनकर स्वजनों में कोहराम मच गया है। आर्यन घर का इकलौता चिराग था। बताया जाता है कि दो बहन में वह इकलौता भाई था। पिता परिवार चलाने के लिए बाहर में मजदूरी करते हैं। पुत्र की मौत की खबर सुनकर उनका भी रो रोकर हाल बेहाल है। फिलहाल मंझौल ओपी की पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है। पेड़ से गिरने से अधेड़ की मौत
चेरिया बरियारपुर। बुधवार की दोपहर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव स्थित बूढ़ी गंडक नदी के तटबंध के किनारे पेड़ से गिरने से गोपालपुर पंचायत के वार्ड नंबर 15 निवासी 55 वर्षीय जागेश्वर पासवान की मौत हो गई। गांव के पास बूढ़ी गंडक नदी किनारे पेड़ पर चढ़कर जलावन काट रहे थे। इसी दौरान वे पेड़ से नीचे गिर गए। पेड़ पर से गिरने की आवाज पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उठाकर बांध पर लाए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना स्वजनों को दी गई। इसके बाद स्वजन सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। मौत से स्वजनों में कोहराम मच गया। पंचायत के मुखिया आलोक ललन भारती ने घटना की पुष्टि की है। मुखिया सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि जागेश्वर पासवान गरीब परिवार से आते हैं, इसलिए जिला प्रशासन से मृतक के स्वजनों को मुआवजे की मांग की है।