रंगदारी नहीं दी तो सरेआम गोलियों से भून डाला, घटना के खिलाफ सड़क पर उतर लोग
बिहार के बेगूसराय में रविवार की सुबह एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना का कारण रंगदारी देने से इन्कार बताया जा रहा है।
पटना [जेएनएन]। अपराधी ने व्यवसायी से रंगदारी मांगी और नहीं देने पर सरेआम गोलियों से भून डाला। रविवार सुबह हुई इस घटना के विरोध में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोपी के घर पर जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ का गुस्सा पुलिस के खिलाफ भी उमड़ा। घटना बिहार के बेगूसराय जिला स्थित बखरी थाना अंगर्तत करथौली में हुई।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह बखरी के व्यवसायी रामचंद महतो बाइक से कहीे जा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के एक युवक ने उन्हें रोका और गोलियों से भून डाला। घटना के बाद हत्यारा भागने में सफल रहा।
दिन-दहाड़े इस हत्या से स्थानीय लोग भड़क गए। उन्होंने आरोपी के घर पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। भीड़ ने शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन किया तथा पुलिस को भी खदेड़ दिया। लोगाें का गुस्सा इलाके में गिरती कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी था।
हत्या का आरोपी मृतक का पड़ोसी बताया जा रहा है। दोनों में पहले से रंजिश थी। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटकर निकले आरोपी ने मृतक व्यवसायी से रंगदारी मांगी थी, जिसे नहीं देने पर घटना को अंजाम दिया गया।