दोहरे हत्याकांड का आरोपित पिस्टल व कारतूस के साथ गिरफ्तार
बांका। शंभूगंज पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का फरार आरोपित अभिषेक कुमार सिंह को उसके गुलनी कुशाहा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया।
बांका। शंभूगंज पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का फरार आरोपित अभिषेक कुमार सिंह को उसके गुलनी कुशाहा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। अभिषेक पर झारखंड के गोड्डा स्थित टाउन थाना में हत्या का मामला दर्ज है। इस बात की जानकारी सोमवार को एसपी अरविद कुमार गुप्ता ने दी है।
एसपी ने बताया कि बीते सितंबर में गोड्डा टाउन थाना स्थित मुख्य बाजार में सैलून संचालक की दुकान में गोलीबारी की घटना घटी थी। इस घटना में सैलून संचालक व एक ग्राहक की मौके पर ही मौत हो गई। इस कांड में गोड्डा के रौतारा निवासी गुड्डू व कृष्णा के साथ बांका जिला के शंभूगंज स्थित गुलनी गांव का अभिषेक कुमार सिंह साथ में था। पुलिस ने अभिषेक के पास से एक पिस्टल व पांच कारतूस भी बरामद किया है। एसपी ने बताया कि जब घटनास्थल से अभिषेक फरार हो गया तो, गोड्डा पुलिस एसडीपीओ के नेतृत्व में गुलनी स्थित उसके घर पर छापामारी करने पहुंची थी। जहां अभिषेक ने पुलिस टीम पर हमला कर मौके से फरार हो गया। रविवार की देर शाम पुलिस को अभिषेक के घर पर रहने की सूचना मिली। शंभूगंज थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद को अविलंब उसकी गिरफ्तारी का आदेश दिया गया। थानाध्यक्ष ने पुलिस टीम के साथ गुलनी स्थित घर पर छापामारी कर अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को अभिषेक के घर की तलाशी में ऑटोमेटिक पिस्टल व पांच गोली बरामद हुई। एसपी ने बताया कि गोड्डा पुलिस की गिरफ्त से गुड्डू व कृष्णा अब तक फरार है। अभिषेक के पास मिले पिस्टल को फॉरेसिक टीम के पास जांच के लिए भेजा जायेगा। जिससे यह पता लगाया जायेगा कि हत्या कि घटना में इस पिस्टल का उपयोग हुआ है या नहीं। अभिषेक पर आर्मस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि गोड्डा पुलिस अभिषेक को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।