वज्रपात से वृद्ध सहित दो की मौत
बांका। बौंसी थाना क्षेत्र के जबड़ा गांव में बुधवार को वज्रपात से एक बुजुर्ग किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
बांका। बौंसी थाना क्षेत्र के जबड़ा गांव में बुधवार को वज्रपात से एक बुजुर्ग किसान की मौके पर ही मौत हो गई। बुजुर्ग श्रीधर मंडल उर्फ चूटर मंडल (70) अपने खपरैल घर के छत पर चढ़कर बारिश से बचने के लिए खपरा ठीक कर रहा था। इसी दौरान अचानक वज्रपात की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है। मौके पर पहुंचकर समाजसेवी पप्पू यादव, शंभू यादव सहित अन्य ने पीड़ित के स्वजनों को ढांढस बंधाया। घटना के बाद पुत्र शालिग्राम मंडल, अभिमन्यु मंडल, पुत्री पुष्पा देवी, पप्पू देवी का रो रो कर बुरा हाल है। सीओ विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराने पर आपदा के तहत किसान के स्वजन को आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।
धोरैया: धनकुंड थाना क्षेत्र के करंगा बहियार में आंधी व बारिश के दौरान हुई वज्रपात की घटना में एक अधेड़ की मौत जो गई। शव की पहचान मु. इदरीश के रूप में हुई है। मृतक मकैता बबुरा पंचायत के बबुरा गांव का रहने वाला था। वह अपने ससुराल करंगा से दोपहर बाद अपने घर बबुरा आ रहा था। इस दौरान रास्ते में आधी व बारिश को देख पुन: ससुराल वापस लौट रहा था। इसी दौरान ससुराल पहुंचने से पहले रास्ते में हुई वज्रपात की घटना में उसकी मौत हो गई। अंचलाधिकारी हंसनाथ तिवारी एवं धनकुंड थानाध्यक्ष अभिनंदन कुमार सिंह ने बताया कि स्वजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराये जाने के बाद आर्थिक मुआवजा की राशि दी जाएगी।