जात-पात से उपर उठकर करें मतदान : नित्यानंद
औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के बसडीहा उच्च विद्यालय मैदान में रविवार को एनडीए की सभा हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी गोह विधायक मनोज शर्मा
औरंगाबाद। औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र के बसडीहा उच्च विद्यालय मैदान में रविवार को एनडीए की सभा हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी, गोह विधायक मनोज शर्मा एवं भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह ने सभा को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने लोगों से अपील की कि इस बार जात-पात से उपर उठकर मतदान करें। आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। महागठबंधन झूठ का पुलिदा है। राजद के शासनकाल में बिहार में क्या हुआ था यह सभी आप जानते हैं। एनडीए के नेतृत्व में ही देश का विकास संभव है। सभी क्षेत्रों में कार्य हुए हैं। आयुष्मान भारत एवं उज्ज्वला योजना का लाभ हर गरीब वर्ग के लोगों को मिल रहा है। पूर्व मंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाई। साथ ही राष्ट्र निर्माण के लिए लोगों से मतदान करने की अपील की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह आतंकियों को जवाब दिया है, उससे देश का सम्मान विश्व स्तर पर बढ़ा है। पाकिस्तान के घर में घुसकर आतंकी ठिकानों को तबाह किया। गोह विधायक मनोज शर्मा ने विकास के नाम पर जनता से वोट देने की अपील की। कहा कि एक-एक वोट की कीमत है, उसे पहचानिए। भाजपा के प्रत्याशी सांसद सुशील कुमार सिंह ने कहा कि हम आपके बीच हर सुख-दुख में रहते हैं। आपके परिवार का सदस्य हैं। मेरी जीत आपकी जीत है। हमें विश्वास है कि आप हमें भारी बहुमत से जिताएंगे।