सात निश्चय से विकासित बनेगा बिहार : मंत्री
73वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह हुआ। राज्य के खान एवं भूतत्व सह जिला के प्रभारी मंत्री ब्रजकिशोर
औरंगाबाद। 73वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह हुआ। राज्य के खान एवं भूतत्व सह जिला के प्रभारी मंत्री ब्रजकिशोर बिद ने झंडोत्तोलन किया। डीएम राहुल रंजन महिवाल एवं एसपी दीपक वर्णवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। मंत्री ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों के साथ शहीद जवानों के याद किया। पटना सचिवालय के समक्ष 1942 में तिरंगा फहराने के दौरान शहीद हुए खरांटी गांव के जगतपति को याद करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। मंत्री कहा कि हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा स्वतंत्रता, संप्रभुता एवं एकता का प्रतीक है। इसमें राष्ट्रीय गौरव झलकता है। कहा कि इस तिरंगे के लिए देश के कई स्वतंत्रता सेनानियों को अपना प्राण न्योछावर करने पड़ा। मंत्री ने कहा कि सरकार न्याय के साथ विकास का नजरिया रखते हुए सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने को संकल्पित है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इस योजना से राज्य विकसित बनेगा। योजना के तहत गांवों में हर गली नली पक्की, हर घर नल से जल, हर घर बिजली, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता, कुशल युवा कार्यक्रम चलाया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने राज्य की नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिया है। मंत्री ने स्वच्छता अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य को खुले में शौच से मुक्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार के द्वारा गरीबों, किसानों, बुजुर्गों, युवाओं के लिए चलाई गई योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि मिशन इंद्र धनुष को चलाया गया है। राज्य में शराबबंदी, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ मुख्यमंत्री के द्वारा राज्य में चलाए गए जन जागरण अभियान की चर्चा की। कहा कि जागरूकता से ही इसमें सफलता मिलेगी। मंत्री ने जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए हर नागरिकों को पौधे लगाने का आह्वान किया। कहा कि आज स्वतंत्रता दिवस पर वृक्ष सुरक्षा दिवस मनाया जा रहा है। झंडोत्तोलन के बाद मंत्री ने गांधी मैदान में पौधारोपण किया। डीएम, एसपी के अलावा अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश शिवगोपाल मिश्रा, सीजेएम डा. दिनेश कुमार प्रधान, सीएस डा. सुरेंद्र प्रसाद, एडीएम सुधीर कुमार, एनसीसी के कर्नल एसके सिन्हा, एसडीएम डा. प्रदीप कुमार, एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह, एसडीपीओ अनूप कुमार, डीएसपी विजय कुमार, अजय कुमार सिंह, डीटीओ अनिल कुमार सिन्हा, गोपनीय प्रभारी शैलेंद्र कुमार, डीआरडीए निदेशक मुकेश कुमार सिन्हा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी गोविद चौधरी, अनुमंडल के पारुल प्रिया, एलआरडीसी अविनाश कुमार, जिला योजना पदाधिकारी अरविद कुमार, डीपीओ आइसीडीएस रीना कुमारी, प्रभारी सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी धर्मवीर सिंह के अलावा तमाम अधिकारी, पूर्व विधायक सुरेश मेहता, जदयू नेता विश्वनाथ सिंह, दीपक सिंह, जिला पार्षद शंकर यादवेंदु, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, बसंत चंद्रवंशी के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। यहां के बाद प्रभारी मंत्री ने महादलित टोले में झंडोत्तोलन किया।