कचहरी रोड में पूरे दिन रहता है जाम
कचहरी रोड में जाम की समस्या गंभीर है। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नागरिक जाम से कराहते रहते हैं। जाम के कारण पैदल चलना मुश्किल होता है।
औरंगाबाद। कचहरी रोड में जाम की समस्या गंभीर है। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक नागरिक जाम से कराहते रहते हैं। जाम के कारण पैदल चलना मुश्किल होता है। हालात यह है कि नागरिक इस रास्ते के बजाय दूसरे सड़क से जाना सुरक्षित समझते हैं। शुक्रवार को करीब 11 बजे जाम की समस्या गंभीर हो गई। दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे नागरिक चिल्लाते रहे परंतु कोई सुनने वाला नहीं था। डोमन पान दुकान के पास सड़क पर बाइक खड़ी रहने से परेशानी अधिक बढ़ गई है। इस दुकान के पास पूरे दिन भीड़ लगी रहती है। सड़क पर बाइक खड़ा कर पान के शौकीन पान खाते रहते हैं। जाम में फंसे नागरिक कराहते रहते हैं परंतु बाइक सड़क पर लगी रहती है। इस सड़क से अधिकारी, अधिवक्ता एवं श्रीकृष्ण नगर, चित्रगुप्त नगर, हनुमान नगर, आदर्श कॉलोनी, क्लब रोड, नावाडीह रोड के नागरिक आवागमन करते हैं। जाम के कारण वे फंसे रहते हैं। शुक्रवार को जाम में फंसे अधिवक्ता राजीव शर्मा, कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा, जदयू के संजीव कुमार उर्फ छोटू ने बताया कि कचहरी रोड पर प्रशासन का ध्यान नहीं है। सड़क पर अतिक्रमण के कारण परेशानी बढ़ी है। जबतक अधिकारी अतिक्रमण नहीं हटाएंगे जाम की समस्या से निजात नहीं मिलेगा। एसडीओ डा. प्रदीप कुमार ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई चल रही है। सभी प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण हटाया जाएगा।