औरंगाबाद का तापमान पहुंचा 46.7 डिग्री
गर्मी की तपिश में औरंगाबाद जलने लगा है। मौसम ने अचानक करवट बदली है।

जागरण संवाददाता, औरंगाबाद : गर्मी की तपिश में औरंगाबाद जलने लगा है। मौसम ने अचानक करवट बदली है। रविवार को अधिकतम तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान रहा 27.3 डिग्री रहा। कृषि मौसम वैज्ञानिक डा. अनूप कुमार चौबे ने बताया कि इस वर्ष का सबसे गर्म दिन रविवार रहा। अचानक तापमान बढ़ने का असर आमजन पर दिखा। गर्मी के कारण बाजार में सन्नाटा रहा। लोग घरों में दुबके रहे। बिजली कटने पर लोग त्राहिमाम कर रहे थे। सब्जी विक्रेता मंटू मेहता एवं दिलीप मेहता ने बताया कि दोपहर 12 बजे से पहले ही बाजार में सन्नाटा छा गया। तपती धूप में नागरिक घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। शाम में बाजार जा रहे बिनोद कुमार पांडेय, उपेंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा एवं धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जरूरी काम से बाजार जाना था परंतु दिन में तपती धूप व लू के कारण हिम्मत नहीं हुआ। आसमान से आग बरस रहा है। अगले एक-दो दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी की संभावना की जा रही है। डा. अनूप ने बताया कि सोमवार को तापमान 42 डिग्री से ऊपर रह सकता है। कहा कि जरूरी काम होने पर ही ग्रामीण घर से बाहर निकलें। बता दें कि 16 व 17 मई को भी तापमान में बहुत अधिक गिरावट की कोई संभावना नहीं है। इधर चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि लोग घर से निकलें तो खाली पेट न निकलें। भर पेट पानी पीकर व खाना खाकर ही निकलें। जरूरी काम हो तभी बाजार जाएं नहीं तो इससे बचें। मौसम में बदलाव से इसका सेहद पर भी असर पड़ सकता है।
Edited By Jagran