सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने थाने पर किया हमला
बिहार के औरंगाबाद में सड़क हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने थाना पर हमला कर दिया। पथराव व आगजनी की। पुलिस की ओर से भी हवाई फायरिंग की बात कही जा रही है।
औरंगाबाद [जेएनएन]। बिहार के औरंगाबाद जिले में सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मौत के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए तथा थाना पर हमला कर दिया। पथराव करने के साथ ही परिसर में लगे वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कई पुलिसकर्मियों को चोट आयी है। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस की ओर से भी हवाई फायरिंग की गई है। एसपी ने पथराव की पुष्टि की है। हालात तनावपूर्ण बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जिले के बारुण थाना क्षेत्र में एक वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए। यह पहली घटना नहीं है, बल्कि आये दिन यहां इस तरह के सड़क हादसे होते हैं। इसका एक बड़ा कारण सोन नदी से बालू लोड जा रहे ट्रैक्टर हैं।
अधिकांश ट्रैक्टर पर बालू ऊपर से ढ़के नहीं होते हैं। तेज रफ्तार में जब ट्रैक्टर चलता है तो बालू सड़क पर उड़ता है। इससे बाइक चालकों को इससे काफी परेशानी होती है। दुर्घटना की संभावना ऐसे में ज्यादा बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप करने की कई बार गुहार लगाई थी। लेकिन प्रशासन की ओर से ध्यान नहीं दिया गया।
गुरुवार को युवक की मौत के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। पुलिस शव को थाने लाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी कि बड़ी संख्या में लोगों ने थाने के पास हंगामा शुरू कर दिया। लोग पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने की मांग कर रहे थे। उग्र लोगों ने मुख्य द्वार तोड़ते हुए पुलिस और अग्निशामक वाहन को क्षतिग्रस्त कर वहां खड़े दो दर्जन वाहनों में आग लगा दी तथा पथराव किया।
रोड़ेबाजी में थानाध्यक्ष समेत छह जवान घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने को पहले आंसू गैस के गोले छोड़े फिर हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस मामले में 36 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उपद्रवी आग लगाने के लिए पेट्रोल लेकर आए थे। मालखाने के दो दर्जन वाहनों को फूंकने के साथ सड़क पर खड़े ट्रक को भी आग के हवाले कर दिया।
एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने बताया कि भीड़ को भगाने के लिए 18 राउंड आंसू गैस के गोले दागे गए। पुलिस ने लाठीचार्ज किया पर भीड़ मानने को तैयार नहीं थी। थाने पर उपद्रवियों का कब्जा हो गया था। सूचना पर एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह, एसडीओ प्रदीप कुमार, एसडीपीओ अनूप कुमार, दाउदनगर एसडीपीओ संजय कुमार समेत कई थानों के प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और लाठी चटका कर सबको भगाया। एसपी ने पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग करने से इन्कार किया है।