पूर्व थानाध्यक्ष की कोरोना से मौत
संसू सिकटी (अररिया) सिकटी एवं बरदाहा थाना के पूर्व थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार की को
संसू, सिकटी (अररिया): सिकटी एवं बरदाहा थाना के पूर्व थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार की कोरोना से रविवार के रात्रि पटना एम्स में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वे कटिहार जिले के मुकुरिया के रहने वाले थे। स्वजनों ने बताया कि उनकी तबीयत खराब हुई, जो धीरे धीरे बढ़ने लगी। गंभीर हालत में उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया। जहां वे कोरोना पाजिटिव पाए गए। बारह दिनों तक इलाज के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। वो अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गए हैं। 2009 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक राकेश कुमार 2010 में किशनगंज जिला पुलिस बल में प्रथम योगदान किया था। उसके बाद 2015 में स्थानांतरित होकर अररिया जिला पुलिस में योगदान किया। विभिन्न थानों मे थानाध्यक्ष एवं कनीय अवर निरीक्षक के रूप मे काम करते हुए 2018 मे बरदाहा थानाध्यक्ष तथा इसी साल में चार दिसबंर से लेकर जून 2019 तक सिकटी थानाध्यक्ष के पद पर रहे। इसके बाद यहीं से उनका स्थानांतरण मधेपुरा जिला पुलिस बल में हो गया था।कुछ माह ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष के पद पर काम करने के बाद उनका स्थानांतरण बिहार पुलिस की विशेष अपराध शाखा में हुआ था, जिसमें वे फिलवक्त विशेष अपराध शाखा पूर्णिया में पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके असामयिक निधन पर सिकटी प्रखंड के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों ने गहरा शोक एवं दुख प्रकट किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पुष्कर कुमार ने पुअनि राकेश कुमार के कोरोना से हुई मृत्यु पर गहरा शोक किया है। ताराबाड़ी थानाध्यक्ष अजीत कुमार चौधरी ने बताया कि उनके साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त किये थे और बरदाहा थानाध्यक्ष के रुप मे प्रभार भी ग्रहण किया था। पुअनि स्व. राकेश कुमार के निधन पर सिकटी थानाध्यक्ष ओम प्रकाश, बरदाहा थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने भी गहरा शोक प्रकट करते हुए संवेदना व्यक्त की है। पुअनि स्व. राकेश कुमार के निधन पर प्रमुख प्रतिनिधि खुर्शीद आलम, मुखिया बैद्यनाथ मंडल, नरसिंह विश्वास, प्रवेज आलम सहित अन्य ने भी गहरा शोक प्रकट करते हुए संवेदना व्यक्त की है।