1.36 करोड़ की लागत से खरहा नदी पर पुल निर्माण कार्य शुरू
अररिया। नरपतगंज प्रखंड की उत्तरी भाग की आधी आबादी के लिए खुशी की खबर है। अब उन्हें बां
अररिया। नरपतगंज प्रखंड की उत्तरी भाग की आधी आबादी के लिए खुशी की खबर है। अब उन्हें बांस के चचरी पुल से जान जोखिम में डालकर खरहा नदी पार नहीं करना होगा। खरहा नदी में बहुत जल्द पक्का पुल बनेगा। पुल बन जाने के बाद लोगों को सदा के लिए चचरी पुल से निजात मिल जाएगी। बच्चों को भी अब स्कूल जाने में नहीं होगी। पोसदाहा पंचायत के डुमरिया गांव के समीप खरहा नदी पर पुल का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। एक करोड़ 36 लाख 25 हजार 960 रुपये की लागत से पुल का निर्माण कार्य पूरा होगा। पुल बनाने की जिम्मेवारी सुपौल जिले के रमेंश कुमार यादव प्राइवेट कंस्ट्रक्शन को दी गई है। इस पुल के बन जाने के बाद बरसात के मौसम में आम लोगों व स्कूली छात्र छात्राओं को परेशानी नहीं होगी। वहीं मिर्जापुर, लक्ष्मीपुर, डुमरिया चंदा एवं पोसदाहा तथा भंगही आदि गांव का विकास होगा। यहां के लोग अपने आनाज व समान वाहनों से बाजार ले जाकर बेच सकेंगे। यातायात सुगम हो जाएगा। ज्ञात हो कि दैनिक जागरण समाचार पत्र ने लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद नरपतगंज विधायक अनिल कुमार यादव ने पुल निर्माण की मांग सरकार से की थी। जिसके बाद पुल बनाने की स्वीकृति मिली। प्रधानमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत पुल निर्माण हो रहा है। पुल की लंबाई 26.4 मीटर तथा चौड़ाई 6.5 मीटर होगी। पुल निर्माण कार्य शुरू होने से मुखिया प्रतिनिधि सूर्यनारायण यादव, चंदेश्वर यादव, पैक्स अध्यक्ष धनंजय यादव, सुभाष यादव, संतोष यादव, लक्ष्मी मेहता, रामवृक्ष पासवान, चंद्रकिशोर यादव, गुड्डू यादव आदि ने खुशी जाहिर की है।