नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। Mercedes A-Class Limousine Launched: जर्मनी की वाहन निर्माता कंपनी मर्सिडीज बेंज ने अपनी लग्जरी सेडान A-Class Limousine को भारत में लॉन्च कर दिया है, जिसकी शुरुआती कीमत 39.9 लाख रुपये तय की गई है। मर्सिडीज की इस कार को तीन वैरिएंट A 200, A 200d और A 35 AMG में लॉन्च किया गया है। बता दें, कंपनी द्वारा जारी की गई कीमत इंट्रोडक्टरी हैं, जिन्हें कुछ समय बाद बढ़ाया जाएगा। यह देश में जर्मन कारमेकर का एंट्री-लेवल मॉडल है, जिसे सबसे पहले ऑटो एक्सपो 2020 में पेश किया गया था।
डिजाइन हाइलाइट्स: Mercedes A-Class के डिजाइन की बात करें तो इसमें वाइड हेक्सागोनल ग्रिल, एल-आकार के एलईडी सिगन्न्रचर बैक-स्वेप्ट हेडलैम्प्स, ए-आकार की एलईडी स्प्लिट टेल लाइट्स दी गई हैं। इसके अलावा फ्रंट बम्पर, बी-पिलर, रियर बम्पर में कार्बन फाइबर ट्रिम्स जोड़े गए हैं। वहीं पेट्रोल वेरिएंट 405-लीटर के बूट स्पेस के साथ और डीजल वैरिएंट 395-लीटर के बूट स्पेस के साथ मौजूद है। Mercedes A-Class का एएमजी(AMG) मॉडल नियमित ए-क्लास से थोड़ा अलग दिखता है। इसमें एक अलग रेडिएटर ग्रिल, एक नया बम्पर, अलग-अलग एयर इंटेक, रिडिजाइन किया गया रियर बम्पर, ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स और एक रियर डिफ्यूज़र शामिल है।
तीन इंजन का मिला विकल्प: मर्सिडीज-बेंज ए-क्लास लिमोसिन ए 200 एक 1.3-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन से लैस है, जो 161 बीएचपी की पावर और 250 एनएम का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। यह इंजन सात-स्पीड ड्यूल-क्लच (DCT) ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ दिया गया है। वहीं ए 200 डी में 147 बीएचपी और 320 एनएम अधिकतम टॉर्क देने के लिए 2.0-लीटर डीजल इंजन का उपयोग किया गया है। यह इंजन आठ-स्पीड डीसीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा टॉप-ऑफ-द-लाइन मर्सिडीज-एएमजी ए 35 में एक 2.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन का उपयोग किया गया है, जो अधिकतम 302 बीएचपी की पॉवर और 400 एनएम के टॉर्क को जेनरेट करता है। मर्सिडीज-बेंज इस कार के साथ स्टैंडर्ड तौर पर इंजन और ट्रांसमिशन पर आठ साल की वारंटी उपलब्ध करा रही है।
किफायती होने के बावजूद फीचर्स की भरमार: फीचर्स की बात करें तो यह कंपनी के पोर्टफोलियो में एक एंट्री-लेवल मॉडल होने के बावजूद फीचर्स लाडेड है। इसमें 12.3-इंच का पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3-इंच टचस्क्रीन के साथ MBUX सिस्टम, कनेक्टेड-कार फीचर्स की एक रेंज, मर्सिडीज मी कनेक्टिविटी सूट, मेमोरी फंक्शन, एंबियंट लाइटिंग, वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग सिस्टम के साथ इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट दी गई हैं। इसके साथ ही 5 USB C- चार्जिंग पॉइंट, डैशकैम, इलेक्ट्रिक सनरूफ और टू-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल सिस्टम के साथ Google Home और Alexa का भी विकल्प दिया गया है।