2018 होंडा CBR250R हुई लॉन्च, यामाहा फेजर 25 से होगा मुकाबला
2018 होंडा CBR250R को कंपनी की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 1.62 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) रखी गई है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने अपनी नई 2018 होंडा CBR250R को कंपनी की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है। कंपनी ने इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट की कीमत 1.63 लाख रुपये और ABS वेरिएंट की कीमत 1.93 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) रखी है। अपडेटेड CBR 250R को पिछले महीने ऑटो एक्सपो 2018 के दौरान पेश किया गया था। इस बाइक में नया स्टाइल, नए फीचर्स और उपकरण के साथ BS-IV इंजन दिया है।
दिया गया डुअल चैनल ABS का विकल्प:
नई होंडा CBR250R के फ्रंट में फुल LED हेडलैंप्स, अपडेटेड इंस्ट्रूमेंट कंसोल और नया रेसिंग मफ्लर दिया गया है। इसके अलावा बाइक में 17 इंच मैटे ब्लेक एलॉय व्हील्स दिए गए हैं। आगे 110mm का टायर और पीछे 140mm का ट्यूबलेस रबर टायर दिए गए हैं। सस्पेंशन की बात करें तो टेलेस्कॉपिक फ्रंट फॉर्क्स और रियर प्रो-लिंक मोनोशॉक दिए गए हैं। कंपनी ने इस बाइक में डुअल चैनल ABS फीचर का विकल्प दिया है।
फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम से लैस इंजन:
पावर स्पेसिफिकेशन की बात करें तो बाइक में 249.60cc का सिंगल-सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड, 4 स्ट्रॉक, 4 वाल्व, DOHC इंजन लगा है जो PGM-फ्यूल इंजेक्शन (FI) सिस्टम से लैस है। यह इंजन 8500 rpm पर 26.15bhp की पावर और 7000 rpm पर 22.9 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है। बाइक की टॉप स्पीड 135kmph है।
क्यों हुआ था CBR 250R का प्रोडक्शन बंद:
होंडा टू-व्हीलर्स ने CBR250R और CBR150R का प्रोडक्शन मई 2017 में बंद कर दिया था, क्योंकि इन्हें BS-IV इंजन से लैस नहीं किया गया था। अब करीब 10 महीने बाद कंपनी ने अपडेटेड CBR 250R को लॉन्च किया है। हालांकि कंपनी की ओर से यह बात साफ नहीं हो पाई है कि 150cc मॉडल को रिलॉन्च किया जाएगा या नहीं।
यामाहा फेजर 25 से होगा मुकाबला:
होंडा CBR 250R का मुकाबला यामाहा फेजर 25 से होगा। यामाहा की इस बाइक में 4 स्ट्रोक, 2 वाल्व, एयर कूल्ड, सिंगल सिलेंडर, 249cc इंजन का इंजन लगा है। यह इंजन 20.9PS की पॉवर और 20Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन BS IV उत्सर्जन स्टैंडर्ड से लैस किया गया है। इस बाइक की कीमत 128,335 रुपये (एक्स शोरूम मुंबई) रखी गई है। फेजर 25 में 150cc वर्जन की तरह डुअल हैडलैंप और सिंगल LED हैडलैंप कलस्टर दिया गया है। डायमंड टाइप फ्रैम वाले बोल्ट के साथ फेजर 25 में रियर सस्पेंशन मोनोक्रॉस और 41mm टेलेस्कॉपिक फॉर्क्स अप फ्रंट दिया गया है। इसके साथ ही इसमें लाइटवेट एलॉय के साथ फ्रंट में 100/80 सेक्शन और रियर में 140/70 सेक्श ट्यूबलेस टायर्स लगाए गए हैं। फ्रंट और बैक दोनों तरफ डिस्क ब्रैक यूनिट लगाई गई हैं।