Tata Motors की ग्लोबल थोक बिक्री में वित्त वर्ष 2020 के Q4 में आई 35% की गिरावट
2020 की आखिरी तिमाही में Tata Motors की ग्लोबल थोक बिक्री में 35% की गिरावट आई है। (फोटो साभार Tata Motors)
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। जानी-मानी ऑटोमोबाइल कंपनी Tata Motors ने बताया कि 2020 के वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही में कपनी को अपनी ग्लोबल थोक बिक्री में 35 फीसद की गिरावट का सामना करना पड़ा है। कंपनी ने आखिरी तिमाही में इस साल कुल 2,31,929 यूनिट्स की बिक्री की थी। वहीं टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल और Tata Daewoo रेंज की कुल बिक्री इसी समान अवधि में 72,608 यूनिट्स की हुई थी, जिसमें 49 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। वहीं ग्लोबल थोक बिक्री में 1,59,321 यूनिट्स के साथ 26 फीसद की गिरावट देखने को मिली है।
इस आंकड़ों में Jaguar Land Rover भी शामिल की गई है जो कि 1,26,979 यूनिट्स थे। वहीं चीन में Chery Jaguar Land Rover (CJLR) ने करीब 6,288 यूनिट्स की बिक्री की थी। जगुआर की ग्लोबल थोक बिक्री 32,940 यूनिट्स की हुई जबकि Land Rover की ग्लोबल थोक बिक्री 94,039 यूनिट्स की हुई।
Tata Motors ने भारत में बीते माह 11,012 यूनिट्स की बिक्री की थी जो कि पिछले साल मार्च में बिकी 68,727 यूनिट्स के मुकाबले 84 फीसद कम थी। टाटा मोटर्स के वॉल्यूम में भारी गिरावट कोरोनावायरस महामारी के चलते हुए लॉकडाउन की वजह से आई है। देश की ऑटोमोबाइल कंपनी ने मार्च 2020 में सिर्फ 16,051 यूनिट्स का उत्पादन किया जो कि मार्च 2019 में बनाई गई यूनिट्स से करीब 75.29 फीसद कम था। इसमें पैसेंजर व्हीकल और कमर्शियल व्हीकल दोनों को शामिल किया गया था। देशभर में कोरोनावायर को फैलने से रोकने के लिए मार्च में लॉकडाउन किया था, बाद में उसे बढ़ाकर 3 मई तक कर दिया गया है। इस दौरान ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर गहरा असर हुआ, क्योंकि इस दौरान प्रोडक्शन से लेकर सप्लाई और बिक्री तक पूरी तरह रुक गई है। अब देश में कुछ जगहों पर इंडस्ट्री को 20 अप्रैल से प्रोडक्शन चालू करने के लिए कुछ स्तर पर छूट दी गई है, जिस पर सभी ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने-अपने स्तर पर विचार कर रही हैं।