फरवरी महीने में Tata के इन BS4 मॉडल्स पर मिल रहा ₹ 2.15 लाख तक का डिस्काउंट
Tata Hexa के सभी वेरिएंट्स पर कंपनी 2.15 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दे रही है
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। पहली अप्रैल 2020 से BS6 उत्सर्जन मानक लागू होने जा रहे हैं और इसी महीने से BS4 गाड़ियों की बिक्री भी बंद हो जाएगी। ऐसे में कार कंपनियां अपने BS4 मॉडल्स की बची हुई इन्वेंट्री को खत्म करने में जुटी हुई हैं। हालांकि, कार कंपनियों ने अपने BS6 मॉडल्स को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है, लेकिन डिलीवरी लेने में आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। Tata Motors के पास भी इन दिनों BS4 इन्वेंट्री बची हुई है और ऐसे में कंपनी फरवरी महीने में इन मॉडल्स पर डिस्काउंट दे रही है, जिसमें से हम Tata Hexa पर सबसे ज्यादा मिलने वाले डिस्काउंट की बात करेंगे।
Tata Hexa के सभी वेरिएंट्स पर कंपनी 2.15 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दे रही है। इसमें से कंपनी 1.5 लाख रुपये का कंज्यूमर ऑफर, 50 हजार रुपये का एक्सचेंज बॉनस और 15 हजार रुपये का कॉर्पोरेट डिस्काउंट मौजूद है। इसके अलावा अगर हम Tata Bolt, Tata Zest और Tata Safari Storme के सभी वेरिएंट्स पर मिलने वाले ऑफर्स की बात करें तो इनके BS4 मॉडल्स पर भी कंपनी भारी भरकम डिस्काउंट दे रही है। Tata Bolt पर कंपनी 75 हजार रुपये, Zest पर 85 हजार रुपये और Safari Storme पर 60 हजार रुपये तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है।
वहीं, अगर हम Tata Harrier के सभी वेरिएंट्स पर फरवरी महीने में मिलने वाले डिस्काउंट की बात करें तो इसपर कंपनी 1.4 लाख रुपये तक का डिस्काउंट दे रही है। इस डिस्काउंट में 1 लाख रुपये का कंज्यूमर ऑफर, 25 हजार रुपये का एक्सचेंज ऑफर और 15 हजार रुपये का कॉर्पोरेट डिस्काउंट मौजूद है।
बता दें, Tata Motors ने अपनी Harrier, Nexon और Altroz को हाल ही में BS6 इंजन के साथ लॉन्च किया है। हालांकि, कंपनी इन गाड़ियों की डिलीवरी मार्च महीने से शुरू करेगी। इनमें BS6 पेट्रोल गाड़ियों की डिलीवरी कंपनी ने लगभग शुरू ही कर दी है, लेकिन BS6 डीजल गाड़ियों की डिलीवरी में थोड़ा समय लग सकता है।
मॉडल्स | उपभोक्ता ऑफर | एक्सचेंज बॉनस | कॉर्पोरेट डिस्काउंट | कुल फायदा |
Hexa | ₹ 1.5 लाख | ₹ 50,000 | ₹ 15,000 तक | ₹ 2.15 लाख तक |
Harrier | ₹ 1 लाख | ₹ 25,000 | ₹ 15,000 तक | ₹ 1.4 लाख तक |
Safari Storme | ₹ 25,000 | ₹ 25,000 | ₹ 10,000 तक | ₹ 60,000 तक |
Bolt | ₹ 75,000 | - | - | ₹ 75,000 तक |
Zest | ₹ 85,000 | - | - | ₹ 85,000 तक |
नोट: यह डिस्काउंट शहर से शहर डीलरशिप से डीलरशिप्स पर भिन्न भी हो सकता है। सटीक डिस्काउंट के लिए आप अपने नजदीकी डीलरशिप्स पर जाकर पता करें।
Tata Nexon और Altroz में कंपनी ने समान 1.5 लीटर, फोर-सिलेंडर डीजल इंजन दिया है। हालांकि, दोनों गाड़ियों में मिलने वाले इंजन अलग-अलग पावर आउटपुट के साथ आते हैं। Nexon का इंजन 110PS की पावर और 260Nm टॉर्क के साथ 6-स्पीड MT (मैनुअल) और AMT (ऑटोमैटिक) से लैस है। वहीं, Altroz का इंजन 90PS की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करता है और यह 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन से लैस है।
Tata Harrier में सिर्फ BS6 इंजन ही अपग्रेड नहीं किया है बल्कि इसके पावर आउटपुट में भी उछाल देखा गया है। इसमें 2.0 लीटर डीजल इंजन दिया गया है जो 170PS की पावर देता है, जबकि BS4 इंजन 140PS की पावर देता था। हालांकि, टॉर्क इसका समान 350Nm ही है। ये इंजन अब 6-स्पीड ऑटोमैटिक और 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन यूनिट के साथ आता है।