होंडा को पछाड़कर टाटा बनी चौथी सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल कंपनी, मारुति सुजुकी पहले नंबर पर
इस वित्त वर्ष में टाटा मोटर्स देश की चौथी सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल मेकर कंपनी बन गई है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। इस वित्त वर्ष में टाटा मोटर्स देश की चौथी सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल मेकर कंपनी बन गई है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष 98,702 यूनिट्स बेची हैं। टाटा मोटर्स ने होंडा को पछाड़कर यह स्थान पाया है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर मारुति सुजुकी, दूसरे पर हुंडई मोटर्स और तीसरे पर महिंद्रा एंड महिंद्रा है। वाहनों की बिक्री के मामले में टाटा मोटर्स तीसरे नंबर पर मौजूद महिंद्रा एंड महिंद्रा से महज 1313 यूनिट दूर है।
टाटा ने इस वित्त वर्ष में 98,702 यूनिट्स बेची हैं। पिछले साल यह आंकड़ा 64,131 यूनिट्स था। टाटा की नई योजना कंपनी के लिए कामयाब साबित हुई है। टाटा की टियागो हैचबैक और नेक्सन कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर को काफी पसंद किया जा रहा है। इन दोनों की बिक्री ने टाटा को होंडा से आगे निकाल दिया है। कंपनी ने हाल में टियागो का स्पेशल एडिशन लॉन्च किया है। इसे इसकी पॉपुलैरिटी के तौर पर देखा जा रहा है।
मारुति सुजुकी पहले नंबर पर
इस लिस्ट में पहले नंबर पर मारुति सुजुकी इंडिया है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष में 7,57,289 यूनिट्स बेची हैं। कंपनी की नई स्विफ्ट और स्विफ्ट डिजायर का लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद साउथ कोरियाई कंपनी हुंडई ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष 2,26,396 यूनिट्स बेची हैं।
तीसरे नंबर पर मौजूद महिंद्रा ने इस दौरान 1,00,015 यूनिट बेची। पिछले साल महिंद्रा के लिए यह संख्या 90,614 थी। महिंद्रा को इस बार टाटा मोटर्स से कड़ा मुकाबला मिल रहा है। सेल के मामले में चौथे नंबर पर बनी टाटा, महिंद्रा को कड़ी टक्कर दे रही है। टाटा ने होंडा को पांचवें नंबर पर खिसका दिया है। होंडा ने इस वित्त वर्ष अब तक 79,599 यूनिट्स बेची है।