बुलेट को टक्कर देने भारत में आ रही UM ड्यूटी 230, जानें कब होगी लॉन्च
UM मोटरसाइकिल्स भारतीय बाजार में UM ड्यूटी 230 को इस साल त्यौहारी सीजन में लॉन्च करने जा रही है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अमेरिका की मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी UM मोटरसाइकिल्स भारतीय बाजार में UM ड्यूटी 230 को इस साल त्यौहारी सीजन में लॉन्च करने जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी इसे सितंबर महीने में लॉन्च करेगी। इस बाइक को सबसे पहले 2018 ऑटो एक्सपो के दौरान पेश किया गया था। भारतीय बाजार में यह बाइक बुलेट कही जाने वाली रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 को टक्कर देगी।
क्लासिक 350 अपने सेगमेंट की काफी किफायती बाइक है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि यह भारत में ही बनाई जाती है और रॉयल एनफील्ड एक भारतीय बाइक निर्माता कंपनी है। UM ड्यूटी S कंपनी का एंट्री लेवल मॉडल होगा और इसकी कीमत 1.10 लाख रुपये होगी। वहीं, ड्यूटी Ace थोड़ी महंगी 1.30 लाख रुपये होगी। दोनों ही कीमतें एक्स शोरूम हैं।
UM ड्यूटी 230 में 230cc एयर-कूल्ड इंजन दिया जाएगा जो 18bhp की पावर जनरेट करेगा। इसका लुक रेनेगेड सीरीज के मुकाबले काफी अलग होगा। हालांकि रॉयल एनफील्ड थंडरबर्ड जैसा डिजाइन दिया गया है। फीचर्स के तौर पर इसमें राउंड-शेप्ड हेडलैंप्स, स्लिम फ्यूल टैंक, चौड़े हैंडलबार्स और नीचे पॉजिशन की गई राइडर सीट और सिंगल-पॉट इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जाएगा। दूसरे फीचर्स के तौर पर बाइक में पीछे की गद्देदार सीट, कॉम्पैक्ट टेललाइट यूनिट, बड़े टायर के साथ स्पोर्टी व्हील्स, डिस्क ब्रेक्स, पारंपरिक सस्पेंशन यूनिट्स दी जाएंगी।
रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 से होगा मुकाबला
UM ड्यूटी 230 का मुकाबला रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 से होगा। हालांकि, यह बाइक लुक के मामले में सीधा क्लासिक 350 के गनमेटल ग्रे वेरिएंट को टक्कर देगी, जिसकी कीमत 1,35,378 रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) है। इस बाइक में 346cc UCE इंजन दिया गया है, जो थंडरबर्ड 350, बुलेट इलेक्ट्रा और बुलेट 350 में मौजूद है। यह इंजन 5,250rpm पर 19.8bhp की पावर और 4,000rpm पर 28Nm का टॉर्क देता है। इसके अलावा बाइक में रॉयल एनफील्ड ने रीडिच रेड, रीडिच ग्रीन और रीडिच ब्लू कलर दिया है। यह पेंट स्कीम 50 के दशक में रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल ने रीडिच में तैयार की थी। दरअसल रीडिच यूके का एक शहर है जो कि रॉयल एनफील्ड का जन्म स्थान है।