लोहिया ऑटो की नेपाल में एंट्री, कंपनी ने लॉन्च किया नया मॉडल
स्वदेशी कंपनी लोहिया ऑटो ने नेपाल में अपना पहला पेट्रोल से चलने वाला थ्री-व्हीलर ऑटो रिक्शा लॉन्च किया है। कंपनी ने नेपाल से अपने ग्लोबल बिजनेस की शुरुआत की है।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। स्वदेशी कंपनी लोहिया ऑटो ने नेपाल में अपना पहला पेट्रोल से चलने वाला थ्री-व्हीलर ऑटो रिक्शा लॉन्च किया है। कंपनी ने नेपाल से अपने ग्लोबल बिजनेस की शुरुआत की है। कंपनी ने अपने वाहन बेचने के लिए नेपाल में डिस्ट्रीब्यूटर अपॉइंट किया है। लोहिया ऑटो नेपाल के अलावा साउथ ईस्ट एशिया और दूसरे पड़ोसी देशों में भी अपने प्रोडक्ट एक्सपोर्ट करेगी।
इस बारे में जानकारी देते हुए लोहिया इंडस्ट्रीज के सीईओ आयुष लोहिया ने बताया कि हम साउथ ईस्ट एशिया और पड़ोसी देशों में अपने प्रोडक्ट्स भेजेंगे। ये उभरती हुई मार्केट हैं और हमने नेपाल से इसकी शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि हम पहले साल 600 यूनिट्स बेचने की कोशिश में हैं। इसके लिए हम 10 नए डीलर्स अपॉइंट करेंगे।
भारत में लोहिया ऑटो कंपनी का फोकस इलेक्ट्रिक व्हीकल पर है। कंपनी भारत में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और ई-स्कूटर ऑफर करती है। इनके अलावा कंपनी का डीजल पावर्ड थ्री-व्हीलर ऑटो भी आता है।
इस समय कंपनी के 2 इलेक्ट्रिक स्कूटर मौजूद हैं। बाजार में इनका मुकाबला ओकिनावा, हीरो इलेक्ट्रिक, ट्वेंटी टू मोटर्स के इलेक्ट्रिक स्कूटर से है। लोहिया का ओमा स्टार काफी लम्बे समय से मार्केट में उपलब्ध है। इसे फुल चार्ज होने में 6-8 घंटे का समय लगता है जिसके बाद यह 60 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। ओमा स्टार की टॉप स्पीड 25km/hr है।
कम बजट में हीरो का इलेक्ट्रिक स्कूटर FLASH काफी लोकप्रिय है। FLASH में 250 वाट की मोटर लगी है। एक बार चार्ज होने पर 65 किलोमीटर तक का सफ़र तय करता है। और इसकी टॉप स्पीड 25 kmph है। हीरो इलेक्ट्रिक ने इसकी कीमत 19,990 रुपये (दिल्ली में एक्स शो-रूम) रखी है। इस स्कूटर का कुल वजन केवल 87 किलोग्राम है।