सियाम: मई महीने में हर रोज बिके 73,632 वाहन, 15 महीने बाद कम हुई स्कूटर की बिक्री
ऑटो सेक्टर ने मई 2018 में कुल 22.82 लाख यूनिट्स की बिक्री की है, जिसमें औसतन देखें तो हर रोज 73,632 वाहनों की बिक्री हुई है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। इंडियन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के मई महीने की बिक्री में इजाफा देखने को मिला है। ऑटो सेक्टर ने मई 2018 में कुल 22.82 लाख यूनिट्स की बिक्री की है, जिसमें औसतन देखें तो हर रोज 73,632 वाहनों की बिक्री हुई है। पैसेंजर व्हीकल्स, कमर्शियल व्हीकल्स और टू-व्हीलर्स, करीब सभी सेगमेंट में अच्छी ग्रोथ देखने को मिली है। भारत में कुल वाहनों की बिक्री मई 2017 के मुकाबले 12.13 फीसद की हुई है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक मई 2017 में ऑटो इंडस्ट्री ने 20.35 लाख यूनिट्स की बिक्री की थी।
नए लॉन्च से मिला बिक्री में बूस्ट
पैसेंजर व्हीकल में कार्स, वैन्स और UVs की मई 2018 में 3.01 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई है, जो कि मई 2017 के मुकाबले 19.65 फीसद की बढ़ोतरी है। पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में 19.64 फीसद की वृद्धि के साथ 1.99 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई है। इसमें सबसे ज्यादा बिक्री नई कार लॉन्च जैसे 2018 होंडा अमेज और नई टोयोटा यारिस की हुई है।
सियाम ने क्या कहा?
सियाम के डायरेक्टर जनरल विष्णु माथुर ने कहा, "ऑटो इंडस्ट्री हाई-ग्रोथ के साथ लगातार प्रदर्शन कर रहा है। हम अच्छे मॉनसून, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों दोनों की मजबूत मांग की उम्मीद करते हैं। हालांकि, यह ग्रोथ विशेष रूप से पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में सभी कंपनियों में समान नहीं है।"
CV की बिक्री में हुई बढ़ोतरी
भारत में कमर्शियल वाहनों (CV) की बिक्री 43.06 फीसद की बढ़ोतरी के साथ मई 2018 में 76,478 यूनिट्स की हुई है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में 53,457 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। कमर्शियल व्हीकल के भीतर M&HCV की 30,128 यूनिट्स और LCVs की 46,350 यूनिट्स की बिक्री हुई है।
स्कूटर की बिक्री में हल्की गिरावट
टू-व्हीलर की बिक्री की बात करें तो ऑटो इंडस्ट्री ने 9.19 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 18.50 लाख यूनिट्स की बिक्री की है। मई 2017 में यह आंकड़ा 16.94 यूनिट्स का था। स्कूटर्स की बिक्री की बात करें तो भारत में पहली बार 15 महीनों के बाद हल्के 1.40 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। मई 2018 में स्कूटर की बिक्री 5.55 लाख यूनिट्स की हुई है। भारत में मोटरसाइकिल की बिक्री मई महीने में 12.21 लाख यूनिट्स की हुई है और मोपेड्स की 73,067 यूनिट्स की हुई है।
निर्यात में हुई बढ़ोतरी
निर्यात की बात करें तो भारत में वाहनों का निर्यात मई 2017 के मुकाबले 23.84 फीसद बढ़ा है। कुल कार और SUVs की बिक्री 3.45 फीसद बढ़ी है। वहीं, कमर्शियल वाहनों का निर्यात मई महीने में 21 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 8.055 लाख यूनिट्स का हुआ है। इसके अलावा मई 2018 में टू-व्हीलर्स का निर्यात 23.49 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 2.84 लाख यूनिट्स का हुआ है।