हुंडई और होंडा ऑटो एक्सपो 2018 के दौरान पेश करेगी अपनी इलेक्ट्रिक कार
ऑटो एक्सपो 2018 के दौरान हुंडई अपनी इलेक्ट्रिक सेडान और होंडा अपनी फास्ट चार्ज वाली कार पेश कर सकती है
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। हुंडई ने पिछले साल 2017 जेनेवा मोटर शो के दौरान अपनी आयनिक (Ioniq) EV और हुंडई कोना EV को पेश किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब हुंडई ऑटो एक्सपो के दौरान अपनी इलेक्ट्रिक सेडान पेश कर सकती है। इसके साथ ही होंडा भी अपने एक खास इलेक्ट्रिक कार के कॉन्सेप्ट को पेश कर सकती है।
हुंडई की इलेक्ट्रिक सेडान के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन माना जा रहा है कंपनी की यह B-सेगमेंट की कार हुंडई आयनिक हो सकती है। इससे पहले ऐसी खबरे आ रही थी कि कंपनी भारतीय बाजार में पहले हुंडई कोना EV को पेश कर सकती है, जो एक बार चार्ज होने पर 390km तक का सफर तय कर लेती है। इसके साथ ही हुंडई अपनी सेंट्रो को भी इन दौरान पेश कर सकती है।
होंडा ने हाल ही में 2017 टोक्यो मोटर शो के दौरान अपनी खास इलेक्ट्रिक कार को पेश किया। इस कार का प्रोडक्शन 2019 में शुरू किया जाएगा और 2020 तक इसे लॉन्च किया जाएगा। होंडा जब 2020 तक इस कार को लॉन्च करेगी तब इसका चार्जिंग टाइम 15 मिनट का होगा। होंडा ही नहीं दुनियाभर की कई इलेक्ट्रॉनिक कंपनियां चार्जिंग समय को कम करने के लिए विभिन्न प्रकार की तकनीक का इस्तेमाल कर रही हैं। दरअसल इलेक्ट्रिक वाहनों में सबसे बड़ी समस्या इसकी चार्जिंग में लगने वाला समय है। रिपोर्ट में कहा गया है कि होंडा की यह कार 15 मिनट में चार्ज होगी और फिर 241 किमी. का सफर तय कर पाएंगी। इन कारों की बैटरी विकसित करने के लिए होंडा एक अन्य कंपनी के साथ साझेदारी करने जा रही है।