कोरोनावायरस लॉकडाउन के बावजूद भी Honda टू-व्हीलर्स ने मार्च महीने में हासिल की बढ़ोतरी
Honda मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने मार्च महीने में 5 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 261699 यूनिट्स की बिक्री की है जबकि मार्च 2019 में यह आंकड़ा 249136 यूनिट्स का रहा था।
नई दिल्ली, ऑटो डेस्क। Honda मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया ने मार्च महीने में 5 फीसद की बढ़ोतरी के साथ 2,61,699 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि मार्च 2019 में यह आंकड़ा 2,49,136 यूनिट्स का रहा था। होंडा ने घरेलू बाजार में मार्च महीने में 11 फीसद की बढ़त के साथ 2,45,699 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि मार्च 2020 में यह आंकड़ा 2,22,325 यूनिट्स का रहा था। वहीं, कंपनी ने 16,000 यूनिट्स का निर्यात किया है।
कुल मिलाकर चुनौतीपूर्ण वित्त वर्ष 2019-20 में 16वें महीने की घरेलू टू-व्हीलर इंडस्ट्री की बिक्री में मंदी देखी गई है। होंडा ने वित्त वर्ष 2019-20 में 50,31,297 टू-व्हीलर्स वाहनों की कुल बिक्री की है। इसमें घरेलू बाजार में 47,06,572 यूनिट्स और निर्यात में 324,725 यूनिट्स शामिल हैं।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर, सेल्स एंड मार्केटिंग, यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा, "होंडा पहली ऐसी टू-व्हीलर कंपनी ने जिसने BS6 लागू होने से 6 महीने पहले ही BS6 लाइन-अप बाजार में उतार दी। 6.5 लाख से अधिक ग्राहक अब होंडा के 6 एडवांस्ड BS6 मॉडल के नेतृत्व में #AQuietRevolution का अनुभव कर रहे हैं। सभी प्रयासों के बावजूद 2019-20 एस से अधिक तरीकों से एक चुनौतीपूर्ण वर्ष रहा है। COVID-19 प्रभाव ने इंडस्ट्री की योजनाओं को पटरी से उतार दिया है और सप्लाई चेन से डीलर्स तक ऑटोमोबाइल इकोसिस्टम को बुरी तरह प्रभावित किया है। एक जिम्मेदार निर्माता के रूप में होंडा इन अनिश्चित समय में अपने सभी स्टेकहोल्डर्स और समाज की देखभल करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
सबसे बड़ी बात यह सकारात्मक वृद्धि तब देखी गई जब होंडा ने 22 मार्च से ही अपने सभी प्लांट्स बंद कर दिए थे। लॉकडाउन के चलते सभी डीलरशिप्स भी बंद कर दिए गए। ऐसे में लगभग सभी ऑटोमोबाइल निर्माताओं की बिक्री में काफी गिरावट देखी गई है, लेकिन होंडा की इस 22 दिनों की बिक्री होंडा को बड़ी वृद्धि की ओर ले जा रही थी। हाल ही में कंपनी ने उन सभी ग्राहकों के लिए भी राहत की घोषणा की है जिनकी अनुसूचित फ्री सर्विस/वारंटी/ एक्सटेंडेड वारंटी मूल रूप से 15 मार्च से 15 अप्रैल 2020 के बीच समाप्त हो रही थी, क्योंकि इसे अन्य 2 महीनों तक बढ़ा दिया गया है।