बांग्लादेश की सड़कों पर दौड़ेंगी अशोक लेलैंड की बसें, मिला 200 यूनिट का ऑर्डर
अशोक लेलैंड बांग्लादेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BRTC) को 200 बसें सप्लाई करेगी।
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अशोक लेलैंड बांग्लादेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BRTC) को 200 बसें सप्लाई करेगी। कंपनी को BRTC से सिंगल डेकर इंटरसिटी और सिटी एसी बसों के लिए ऑर्डर मिला है। इन बसों का निर्माण भारत में किया जाएगा और इन्हें बांग्लादेश में कंप्लिटली बिल्ट यूनिट (CBU) के तौर पर एक्सपोर्ट किया जाएगा।
इस ऑर्डर के बारे में बताते हुए कंपनी के एमडी विनोद के दसारी ने कहा कि हम बांग्लादेश मार्केट में अपनी सेवाएं देते रहेंगे। डबल डेकर बसों के बाद यह ऑर्डर बांग्लादेश का हमारे ऊपर भरोसे को दिखाता है। बांग्लादेश हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मार्केट बना हुआ है और यह हमारे टोटल रेवेन्यू में एक्सपोर्ट का शेयर बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
पिछले साल अशोक लेलैंड ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में नया असेंबली प्लांट खोलने की घोषणा की थी। इसके लिए कंपनी ने स्थानीय कंपनी IFAD ऑटोज लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप की थी। इस प्लांट में हर महीने 600-800 यूनिट असेंबल की जाएंगी। इसमें लेटेस्ट मैन्युफैक्चरिंग इक्विपमेंट और असेंबली लाइन होंगी। इससे पहले BRTC ने आयशर मोटर्स को 350 ट्रक को ऑर्डर दिया था।
BRTC ने आयशर को दिया था ट्रक का ऑर्डर
VE कमर्शियल व्हीकल (VECV) की यूनिट आयशर ट्रक एंड बस को बांग्लादेश रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (BRTC) ने 350 हैवी ड्यूटी ट्रक का ऑर्डर मिला है। BRTC ने 16 टन GVW हॉलेज आयशर 20.16 की 350 यूनिट्स खरीदी हैं। कंपनी का दावा है कि आयशर 20.16 अपने सेगमेंट में बेस्ट फ्यूल एफिशिएंसी वाला ट्रक है। आयशर अगले 8 महीनों में इस ऑर्डर को डिलीवर कर देगी। VECV ने घोषणा की है कि कंपनी बांग्लादेश में आफ्टरसेल नेटवर्क और पार्ट डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क को मजबूत करेगी। अभी कंपनी के बांग्लादेश में 29 टचपॉइंट्स हैं जहां ट्रक और बसों की सर्विस की जाती है। वहीं पूरे बांग्लादेश में 220 रिटेल पॉइंट्स है।