भारत की सड़कों पर चलने वाले ये 4 इलेक्ट्रिक स्कूटर्स आएंगे आपको पसंद, जानें कीमत और फीचर्स
इन चार इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में 72 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की टॉप स्पीड मिलती हे
नई दिल्ली (ऑटो डेस्क)। अगर आप एक इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं, तो हमारी यह खबर आपके काम आ सकती है। हम आपको चार ऐसे इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके लेटेस्ट फीचर्स आपको पसंद आ सकते हैं। तो जानते हैं इन इलेक्ट्रिक स्कूटर्स के नाम, फीचर्स और कीमत के बारे में।
Ather S340
Ather S340 की दिल्ली एक्स शोरूम कीमत 99,518 रुपये है। इसमें 800 वॉट का वाटरप्रूफ मोटर लगा है। कंपनी के मुताबिक इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को एक बार फुल चार्ज करने पर यह 60 किलोमीटर तक चलेगा। यह स्कूटर 72 किलोमीटर प्रतिघंटे की टॉप स्पीड हासिल कर सकता है। इस स्कूटर में आपको टच स्क्रीन मिलता है जिसमें नेविगेशन से लेकर कई ड्राइविंग मोड्स दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि इस स्कूटर की बैटरी लाइफ 50,000 किलोमीटर है।
Okinawa Ridge Plus
Okinawa Autotech ने इस साल Okinawa Ridge Plus को 64,988 रुपये की एक्स शोरूम कीमत में लॉन्च किया। इसमें 800 वॉट का वाटरप्रूफ मोटर लगा है। इसकी बैटरी को निकाल कर चार्ज किया जा सकता है। इसके अलावा इसमें अलॉय व्हील और टेलेस्कोपिक सस्पेंशन के साथ ट्यूबलेस टायर लगा है। कंपनी के मुताबिक इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को एक बार फुल चार्ज करने पर यह 120 किलोमीटर तक चलेगा। यह स्कूटर 55 किलोमीटर प्रतिघंटे की टॉप स्पीड हासिल कर सकता है। इसके अलावा इसमें एंटी थेफ्ट अलार्म, की-लेस एंट्री और फाइंड माय स्कूटर जैसे फीचर्स मिलते हैं। यहां आपको बता दें कि इस स्कूटर का बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी ने तैयार किया है।
Ampere V48
भारतीय कंपनी Ampere Vehicles ने इस साल Li-Ion और Ampere V48 को भारत में लॉन्च किया। कंपनी ने Li-Ion की कीमत जहां 46,000 रुपए रखी, तो वहीं Ampere V48 की कीमत 38,000 रुपए है। कंपनी के मुताबिक ये स्कूटर्स एक बार फुल चार्ज करने पर 65 से 70 किलोमीटर तक चलेंगे। इसके अलावा इनकी टॉप स्पीड 25 किलोमीटर प्रतिघंटे की है। दोनों ही स्कूटर्स में लिथियम बैटरी का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें चार्ज करने में करीब 4 से 5 घंटे लगते हैं।
Twenty Two Motors Flow
Twenty Two Motors Flow की दिल्ली एक्स शोरूम 74,740 रुपए है। इस स्कूटर में लीथियम-आयन बैटरी दी गई है, जो करीब पांच घंटे में चार्ज होती है। फुल सिंगल चार्ज पर यह स्कूटर 80 किलोमींटर का फासला तय करता है। इसके अलावा इसकी टॉप स्पीड 60 किलोमीटर प्रति घंटे है। इसमें आर्टिफिशल इंटेलिजेंस, डिजिटल कंसोल और इलेक्ट्रिक ब्रेकिंग जैसे कई बेहतरीन फीचर्स मिलते हैं।