राजाजी पार्क में आपसी संघर्ष में नर हाथी की गई जान
राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज दो हाथियों के बीच हुए संघर्ष के बाद एक टस्कर नर हाथी की मौत हो गई। माना जा रहा है कि हथनी के साथ मेटिंग करने को लेकर यह संघर्ष हुआ।
हरिद्वार, [जेएनएन]: राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज दो हाथियों के बीच हुए संघर्ष के बाद एक टस्कर नर हाथी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनके बीच करीब दो घंटे संघर्ष चला।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात दो हाथियों के बीच हथनी के साथ मेटिंग को लेकर संघर्ष हो गया। दोनों हाथियों के बीच करीब दो घंटे चले संघर्ष के बाद एक हाथी को जान गंवानी पड़ी।
आज दोपहर करीब एक बजे जब वनकर्मी गश्त पर निकले तो उन्हें चीला रेंज के मुंडाल कंपार्टमेंट नंबर एक के पास हाथी का शव पडा दिखाई दिया। वनकर्मियो ने इसकी सूचना चीला रेंज के वाइल्ड लाइफ वार्डन अजय शर्मा व रेंजर अनिल कुमार पैन्यूली को दी।
उन्होंने मौके पर जाकर हाथी के शव के स्थान को चारों और से सील कर दिया है। साथ ही चीला रेंज की डॉक्टर अदिति शर्मा को भी पोस्टमार्टम को बुलाया।
रेंजर अनिल कुमार पैन्यूली ने बताया कि हथनी के साथ मेटिंग करने को लेकर ही दोनों हाथियों के बीच संघर्ष हुआ होगा। हाथी की उम्र करीब 32 वर्ष है। पोस्टमार्टम के बाद हाथी के शव को दफना दिया गया।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में जान सकेंगे हाथियों की संख्या, 23 मई से गणना
यह भी पढ़ें: राजाजी पार्क में पेड़ों के बीच फंसने से हाथी के बच्चे की मौत
यह भी पढ़ें: बकरियां चरा रही महिला को हाथियों ने पटककर मार डाला