ब्रिटेन में पहली बार सिख ने संभाली मेयर की कुर्सी
भारतीय मूल के परविंदर सिंह बठ ने ब्रिटेन के वोकिंघम शहर के मेयर का पद संभाल लिया है। मेयर की कुर्सी तक पहुंचने वाले परविंदर सिंह सिख समुदाय के पहले व्यक्ति हैं।
लंदन। भारतीय मूल के परविंदर सिंह बठ ने ब्रिटेन के वोकिंघम शहर के मेयर का पद संभाल लिया है। मेयर की कुर्सी तक पहुंचने वाले परविंदर सिंह सिख समुदाय के पहले व्यक्ति हैं।
कंजरवेटिव पार्टी के पार्षद परविंदर मूल रूप से पंजाब के रहने वाले हैं। वोकिंघम शहर दक्षिण-पूर्व ब्रिटेन के बर्कशायर में स्थित है। वह पहले इस शहर के उप-मेयर भी रह चुके हैं। उलेकरिन क्लार्क का स्थान लेने वाले परविंदर वर्ष 2017 तक इस पद पर बने रहेंगे।
उन्होंने बताया कि यहां तक पहुंचने में क्लार्क ने उनकी बहुत मदद की। इसके लिए परविंदर ने क्लार्क का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने कर्तव्यों का पूरी सत्यनिष्ठा के साथ निर्वाह करूंगा। मैं पंजाब में एक किसान के घर पैदा हुआ और मेरी पारिवारिक पृष्ठभूमि अत्यंत साधारण है।' उल्लेखनीय है कि सिख समुदाय का कोई भी व्यक्ति अब तक ब्रिटेन के किसी भी शहर का मेयर नहीं बना सका था।