साल का दूसरा सूर्यग्रहण आज, भारत में नहीं दिखाई देगा
99 सालों बाद अमेरिकी महाद्वीप में पूर्ण सूर्यग्रहण होगा। भारत में सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देगा।
न्यूयॉर्क। साल का दूसरा सूर्यग्रहण सोमवार को लगने वाला है। यह ग्रहण भारतीय समय के अनुसार रात 9 बजकर 16 मिनट पर शुरू होगा और रात 2 बजकर 34 मिनट पर समाप्त होगा। भारत में इस दौरान रात रहेगी तो यहां पर कहीं भी सूर्य ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इससे पहले 7 अगस्त को चन्द्रग्रहण लगा था जो भारत मे भी दिखा था।
यह ग्रहण यूरोप, उत्तर/पूर्व एशिया, उत्तर/पश्चिम अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका में पश्चिम, दक्षिण अमेरिका, प्रशांत, अटलांटिक, आर्कटिक की ज्यादातर हिस्सों में दिखेगा। 99 सालों बाद अमेरिकी महाद्वीप में पूर्ण सूर्यग्रहण होगा। आज लगने वाले सूर्य ग्रहण से दुनिया के सभी देश प्रभावित होंगे लेकिन सबसे ज्यादा प्रभाव अमेरिका पर हो सकता है। इसकी वजह यह है कि यह ग्रहण अमेरिका में पूर्ण रूप से दिखाई देगा जबकि पश्चिमी यूरोप और अफ्रीका के कुछ क्षेत्रों में यह खंडग्रास रूप में दिखेगा। इससे पूर्व इतना बड़ा ग्रहण उत्तर-अमेरिका में 8 जून 1918 को दिखाई दिया था।