श्रीलंका में बारिश व भूस्खलन से 91 लोगों की मौत, दस लाख से ज्यादा प्रभावित
श्रीलंका में हुए भारी बारिश से आए बाढ़ और भूस्खलन में 91 लोगों की मौत हो गई वहीं लगभग 10 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
कोलंबो (प्रेट्र)। श्रीलंका में आए भारी बाढ़ ने कहर बरपा दिया है। भयंकर बारिश से आए बाढ़ और भूस्खलन की चपेट में आने से लगभग 91 लोग मारे गए हैं जबकि दस लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) ने मृतकों और प्रभावितों की संख्या की पुष्टि की है। कोलंबो पेज, के हवाले से राष्ट्रीय बिल्डिंग रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (एनबीआरओ) ने गैले, केगाले, रत्नापुरा, कलतुरा, मटारा और हंबोंतोटा जिलों के पहाड़ी इलाकों में संभावित भूस्खलन के खतरे से सतर्क रहने को कहा है। गुरुवार से हो रहे भारी बारिश ने देश के कई हिस्सों को बुरी तरह से प्रभावित किया है।
गौरतलब है कि, दक्षिण-पश्चिमी मानसून के दस्तक के साथ ही, देश के दक्षिण-पश्चिमी भागों में तेज हवाओं के साथ बारिश की भी संभावना जताई जा रही है। डीएमसी ने केलानी नदी और कलू गंगा के आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को बाढ़ के बारे में चेतावनी दी गई है। डीएमसी ने यह भी कहा कि अधिकांश नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। जिसके बाद से यहां के निवासियों को इससे बचने के पर्याप्त उपाय करने की सलाह दी जा रही है।
आपदा प्रबंधन केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीलंका वायुसेना और नौसेना, हेलीकॉप्टर और नौकाओं की मदद से बाढ़ में फंसे लोगों को राहत देने का काम कर रही है। श्रीलंका, जो कि नकद फसलों के लिए भारी मात्रा में वनों की कटाई कर रहा है, यह भूस्खलन का एक बड़ा कारक है। उल्लेखनीय है कि, पिछले साल देश में हुए भूस्खलन में 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
यह भी पढ़ें : भारी बारिश से मेघालय में बाढ़ जैसी स्थिति, कृषि भूमि और सडकें डूबी