विश्व पैरा एथलेटिक्स: डिस्कस थ्रोअर करमज्योति ने जीता कांस्य पदक
करमज्योति दलाल ने लंदन में चल रही चैंपियनशिप में महिलाओं के एफ-55 वर्ग में कांस्य पदक जीता जोकि भारत का तीसरा पदक है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय डिस्कस थ्रोअर करमज्योति दलाल ने लंदन में चल रही चैंपियनशिप में महिलाओं के एफ-55 वर्ग में कांस्य पदक जीता जोकि भारत का तीसरा पदक है। करमज्योति ने एफ-55 डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 19.02 मीटर की थ्रो के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
भारतीय एथलीट ने बहरीन की अलोमारी रोबा को नजदीकी अंतर से हराया, जिन्होंने 19.01 मीटर की दूरी तय की। उनका थ्रो सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। हालांकि, इससे पहले करमज्योति चौथे स्थान पर रही थीं, लेकिन चीनी खिलाड़ी यांग लिवान के स्पर्धा के बाद अयोग्य करार देने के कारण उन्हें कांसा मिला।
इससे पहले सुंदर सिंह गुर्जर ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण, जबकि अमित सरोहा ने क्लब थ्रो स्पर्धा की एफ-51 वर्ग में रजत जीता था। गत वर्ष लंदन में हुए रियो पैरालंपिक खेलों में करमज्योति का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और उनके तीन थ्रो विफल रहे थे, लेकिन 30 वर्षीय एथलीट ने मार्च में आइपीसी इंटरनेशनल एथलेटिक्स ग्रां प्रि में इसी वर्ग में स्वर्ण जीता। भारतीय खिलाड़ी ने 2014 में ही डिस्कस थ्रो को पेशेवर करियर बनाया और शीर्ष-10 में शामिल भी हुईं।