सिगरेट पीने वाली चिड़िया! किसने इस गोरैया को स्मोकिंग के लिए किया मजबूर
यह मामला रूस का है, जहां एक नवयुवक ने जबर्दस्ती चिड़ियों को सिगरेट पिलाई और उसकी फोटो भी वायरल कर दी।
रूस का है यह मामला
इंसान अपने टाइमपास के लिए इस हद तक जा सकता है, यह किसी ने नहीं सोचा था। रूस में रहने वाले 18 साल के विक्टर एवदीव ने खेल-खेल में एक चिड़िया को सिगरेट पिला दी। विक्टर की यह काली करतूत तब सामने आई, जब सिगरेट पीती इस चिड़िया की फोटो सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी। दरअसल विक्टर अपनी कार से घर जा रहा था, तभी रास्ते में एक जगह गाड़ी खड़ी की, तभी गौरेया चिड़िया कार के अंदर आकर बैठ गई। बस फिर क्या था विक्टर ने कार के शीशे बंद करके चिड़िया को अंदर कैद कर लिया।
तस्वीर वायरल होने से हुआ खुलासा
बाद में विक्टर ने सिगरेट जलाई और चिड़िया के मुंह में ठूंस दी। सिगरेट पीती इस गौरेया की दो फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। जिसमें एक में वह माचिस की जली हुई तीली मुंह से पकड़े है। जानवरों के हित में काम करने वाली संस्था को जैसे ही यह खबर लगी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए विक्टर का पता लगवाया। फिलहाल मामले की जांच हो रही है। अगर विक्टर इसमें दोषी पाया जाता है, तो उसे 1 साल की जेल होगी या फिर 70 हजार रुपये का जुर्माना।